विज्ञापन

Arijit Singh Birthday: इस फिल्म ने बदली की थी अरिजीत सिंह की तकदीर, अब तक गा चुके हैं 400 से अधिक गाने

Arijit Singh Birthday: बॉलीवुड में वैसे तो कई बेहतरीन सिंगर हैं, लेकिन कुछ आवाजें ऐसी होती हैं जो पहली बार सुनते ही दिल में बस जाती हैं.

Arijit Singh Birthday: इस फिल्म ने बदली की थी अरिजीत सिंह की तकदीर, अब तक गा चुके हैं 400 से अधिक गाने
Arijit Singh Birthday: इस फिल्म ने बदली की थी अरिजीत सिंह की तकदीर

Arijit Singh Birthday: बॉलीवुड में वैसे तो कई बेहतरीन सिंगर हैं, लेकिन कुछ आवाजें ऐसी होती हैं जो पहली बार सुनते ही दिल में बस जाती हैं. ऐसी ही जादुई आवाज अरिजीत सिंह की है. उनकी गायकी में एक अलग ही एहसास है. यही वजह है कि आज वे करोड़ों लोगों के दिलों की धड़कन बन चुके हैं. अरिजीत सिंह का जन्म 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुआ था. उनका संगीत से रिश्ता बचपन से ही जुड़ गया था. उनके परिवार में भी संगीत का माहौल था. उनकी दादी और मां गाना गाती थीं और मामा तबला बजाते थे. ऐसे माहौल में पले-बढ़े अरिजीत के लिए संगीत कोई विकल्प नहीं, बल्कि जीवन का हिस्सा बन गया. बचपन से ही उन्होंने शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग लेना शुरू कर दिया था, जिसने उनकी नींव को बेहद मजबूत बनाया.

ये भी पढ़ें: Khalnayak 2 teaser: 33 साल बाद फिर लौट रहा है खलनायक, संजय दत्त ने जेल में ही कर लिया था पार्ट 2 बनाने का इरादा

अरिजीत का सफर आसान नहीं था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' से की, लेकिन वहां से उन्हें खास पहचान नहीं मिली. उन्होंने लगातार मेहनत की, छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स किए और खुद को बेहतर बनाते रहे. फिर आया वो पल जिसने उनकी जिंदगी बदल दी. फिल्म 'आशिकी 2' का गाना 'तुम ही हो' सिर्फ हिट नहीं हुआ, बल्कि लोगों के दिलों में बस गया. इस गाने ने अरिजीत को रातों-रात स्टार बना दिया. उनकी आवाज में जो दर्द और सच्चाई थी, उसने हर किसी को छू लिया. इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक गाने गाए और देखते ही देखते बॉलीवुड के सिंगिंग किंग बन गए.

आज उनके नाम सैकड़ों हिट गाने हैं. उन्होंने "अपना बना ले" (भेड़िया), "केसरिया" (ब्रह्मास्त्र), और "चन्ना मेरेया" (ऐ दिल है मुश्किल) जैसे 400 से अधिक बेहतरीन गाने गाए. रोमांटिक, सैड, सूफी, हर तरह के गानों में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है. उनकी खास बात यह है कि वे हर गाने में जान डाल देते हैं, चाहे वह धीमा हो या तेज, खुश हो या दर्द भरा.

इतनी बड़ी सफलता के बावजूद अरिजीत सिंह की जिंदगी बेहद सादी है. जहां ज्यादातर स्टार्स लाइमलाइट में रहना पसंद करते हैं, वहीं अरिजीत इससे दूर रहना पसंद करते हैं. वे ना तो ज्यादा इंटरव्यू देते हैं और ना ही सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहते हैं. अक्सर उन्हें साधारण कपड़ों में आम लोगों की तरह घूमते हुए देखा जाता है.

करियर पीक पर होने के बावजुद, अरिजीत सिंह ने 27 जनवरी 2026 को प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले लिया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के माध्यम से बताया कि वह अब पार्श्व गायक के रूप में कोई नया काम नहीं लेंगे. हालांकि, उन्होंने संगीत से संन्यास नहीं लिया है, बल्कि फिल्मों में गाने से लिया है. वह अब भी अपने फैंस के लिए गाने बनाते रहेंगे.
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com