विज्ञापन

1942: ए लव स्टोरी: 32 साल बाद भी अनिल कपूर को है इस सीन का पछतावा, बोले- 'मौका मिला तो बदलना चाहूंगा'

1942: ए लव स्टोरी को आज भी क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है, लेकिन अनिल कपूर को इससे जुड़ी एक बात का अब तक मलाल है. NDTV से बातचीत में उन्होंने सालों पुरानी अपनी उस 'गलती' का जिक्र किया, जो आज भी उन्हें याद है.

1942: ए लव स्टोरी: 32 साल बाद भी अनिल कपूर को है इस सीन का पछतावा, बोले- 'मौका मिला तो बदलना चाहूंगा'
1942: ए लव स्टोरी फिर हो रही री-रिलीज

1942: ए लव स्टोरी सिनेमाघरों में एक नए रूप में दस्तक देने के लिए तैयार है. इस खास मौके पर फिल्म के कलाकार अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, गीतकार जावेद अख्तर और निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने एनडीटीवी से खास बातचीत की. इस दौरान सभी ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए. इनमें से एक किस्सा अनिल कपूर के लुक से जुड़ा था. जिन दर्शकों ने 1942: ए लव स्टोरी देखी है, उन्हें याद होगा कि फिल्म में अनिल कपूर की मूंछें काफी पतली हैं और उनके बाल भी छोटे हैं. दरअसल, फिल्म की कहानी जिस दौर में सेट है, उस समय पुरुषों का लुक कुछ इसी तरह का हुआ करता था. ऐसे में अनिल कपूर के किरदार के लिए भी इसी लुक को चुना गया था.

विधु विनोद चोपड़ा ने बताया कि वह इस बात को लेकर काफी डरे हुए थे कि अनिल कपूर अपने बाल कटवाएंगे या नहीं. उन्होंने बताया कि अनिल के एक करीबी व्यक्ति ने उनसे कहा था कि अनिल कपूर अपने बाल नहीं कटवाएंगे. यह सुनकर विधु के सामने बड़ी चुनौती थी कि आखिर अनिल को फिल्म के किरदार के मुताबिक लुक कैसे दिया जाए. धीरे-धीरे शूटिंग का दिन करीब आया. विधु को पता चला कि अनिल कपूर शूटिंग के लिए पहुंच चुके हैं. वह तुरंत उनसे मिलने उनके कमरे में पहुंचे. विधु के मन में यही था कि कमरे में जाते ही पहले अनिल से उनके बाल कटवाने के लिए बात करनी होगी. लेकिन जैसे ही अनिल ने कमरे का दरवाजा खोला, विधु विनोद चोपड़ा उन्हें देखकर हैरान रह गए.

अनिल कपूर बिल्कुल उसी लुक में उनके सामने खड़े थे, जैसा विधु फिल्म के लिए चाहते थे. उन्होंने अपने बाल कटवा लिए थे और किरदार के लिए पूरी तरह तैयार थे. विधु ने अनिल की तारीफ करते हुए कहा कि अभिनेता की इस बात ने उनका दिल जीत लिया. उन्होंने कहा कि अनिल ऐसे कलाकार हैं जो किरदार को बेहतर बनाने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं.

वहीं, जब अनिल कपूर से पूछा गया कि अगर आज उन्हें 1942: ए लव स्टोरी में कुछ बदलने का मौका मिले तो वह क्या बदलना चाहेंगे, तो अभिनेता ने फिल्म के एक खास दृश्य का जिक्र किया. अनिल ने कहा, “फिल्म में एक सीन है, जहां मैं गन चलाता हूं. गन चलाते वक्त मेरी आंखें बंद हो गई थीं और वही सीन ट्रेलर में भी है. आज भी जब मैं वह सीन देखता हूं तो मुझे लगता है कि काश मैंने आंखें खोलकर गोली चलाई होती.”

अनिल कपूर की यह बात सुनकर विधु विनोद चोपड़ा भी प्रभावित हुए. उन्होंने कहा कि यह बड़ी बात है कि अनिल कपूर जैसे स्टार और कलाकार को इतने साल बाद भी अपनी वह छोटी-सी गलती याद है और वह उसे स्वीकार भी कर रहे हैं. विधु ने यह भी कहा कि शूटिंग के समय उन्होंने खुद इस बात पर ध्यान नहीं दिया था.

1942: ए लव स्टोरी 21 अगस्त को सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज होने के लिए तैयार है. फिल्म का संगीत आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है. अब नई तकनीक के साथ बड़े पर्दे पर लौट रही यह फिल्म पुरानी यादों को ताजा करने के साथ-साथ नई पीढ़ी के दर्शकों को भी अपनी ओर आकर्षित कर सकती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anil Kapoor, Entertainment, 1942 A Love Story, Manisha Koirala, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com