विज्ञापन

अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड, NDTV से बोले- देर से मिला या नहीं, बहस नहीं करूंगा, पीएम का मैसेज सबसे बड़ा संतोष

मालुगड़ी डेज जैसे दूरदर्शन के लोकप्रिय सीरियल और केजीएफ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके कन्नड़ के मशहूर एक्टर अनंत नाग को 2024 के दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजे जाने का ऐलान किया गया है. NDTV से अनंत नाग की खास बातचीत.

अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड, NDTV से बोले- देर से मिला या नहीं, बहस नहीं करूंगा, पीएम का मैसेज सबसे बड़ा संतोष
अनंत नाग से NDTV की खास बातचीत, दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड का ऐलान
नई दिल्ली:

कन्नड़ सिनेमा के जाने-माने एक्टर अनंत नाग को साल 2024 का दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड दिए जाने की घोषणा की गई है. एनडीटीवी से खास बातचीत में अनंत नाग ने कहा कि वे इस सम्मान को लेकर कोई विवाद नहीं खड़ा करना चाहते. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट को उन्होंने अपने लिए सबसे बड़ी बात बताया. अनंत नाग को भारतीय सिनेमा में पांच दशकों से अधिक के योगदान के लिए देश का सर्वोच्च फिल्म सम्मान मिलेगा. अवॉर्ड 22 सितंबर को गुजरात के केवड़िया में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दिया जाएगा. डॉ. राजकुमार के बाद वे फाल्के अवॉर्ड पाने वाले दूसरे कन्नड़ कलाकार हैं. 

सवाल: क्या यह अवॉर्ड देर से मिला?
अनंत नाग: देर से मिला या नहीं…ये फैसला उनके हाथ में है. अवॉर्ड मिल गया है, तो अगर मुझे कुछ कहना है तो बस इतना, आ गया, बहुत-बहुत धन्यवाद, मैं इस बहस में नहीं पड़ना चाहता कि कब आना चाहिए था या आना चाहिए था या नहीं. ये मैं तय नहीं कर सकता. 

सवाल: पीएम मोदी ने ट्वीट किया है, इस पर आपका क्या कहना है?
अनंत नाग: तीन साल से एक्टिंग बंद कर दी है. इसमें एक ही बात अच्छी है कि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संदेश ट्वीट किया. मेरे लिए ये बहुत बड़ी बात है, मैं बहुत खुश हूं. जिनको भी ये अवॉर्ड मिला है, वे करियर के आखिरी पड़ाव पर या अंत में ही मिले हैं. इसलिए ये और मायने रखता है क्योंकि ये श्री मोदी के समय में हो रहा है.

सवाल: आपका पसंदीदा फिल्म या रोल कौन सा है?
अनंत नाग: कोई एक पसंदीदा फिल्म नहीं बता सकता…वरना बाकी फिल्मों के साथ अन्याय होगा. जितनी फिल्में कीं, स्क्रिप्ट मिलीं, मैंने चुना और फिर निभाया. प्रोफेशनल एक्टर का फर्ज है कि हर भूमिका में अपना सर्वश्रेष्ठ दूं. यही मैंने किया. लेखक है, डायलॉग राइटर है, निर्देशक है, मैं तो उन्हीं के कहने पर रोल करता हूं. मैं ने रोल के लिए हां कहा और अपना सबकुछ उसे दिया. 

सवाल: श्याम बेनेगल और हिंदी सिनेमा के बारे में क्या कहेंगे?
अनंत नाग: हिंदी में सबसे ज्यादा फिल्में श्याम बेनेगल के साथ की हैं. छह फिल्में, और सब नेगेटिव किरदार. जनता ने उनकी तारीफ की, यही सबसे बड़ी बात है.

सवाल: अपनी अभिनय शैली और कन्नड़ सिनेमा को किस तरह देखते हैं?
अनंत नाग: शुरुआत रंगमंच से हुई. फिल्मों में आने के बाद अपना नैचुरल स्टाइल विकसित किया, जो मुझे पसंद था. लोग, निर्माता और हर भाषा की इंडस्ट्री ने उसे स्वीकार किया. कर्नाटक में न्यू वेव फिल्मों का माहौल था. महिलाओं, गृहिणियों के उपन्यासों पर बनी फिल्में, उन उपन्यासों को कर्नाटक की महिलाएं पढ़ती थीं, इसलिए फिल्म बनते ही दर्शक तैयार मिल जाते थे. 

सवाल: आज के सिनेमा में क्या कमी है?
अनंत नाग: मनोरंजन के साथ जानकारी, शिक्षा और जागरूकता भी होना चाहिए. वो जागरूकता वाला तत्व अब गायब है. कोई न कोई ज्ञान देने वाला पहलू बिलकुल नहीं रहा. मैं चाहता हूं कि सिनेमा में वो एंगल वापस आए.

अनंत नाग ने कहा कि वे इस सम्मान को कर्नाटक और कन्नड़ जनता को समर्पित करते हैं. तीन साल से अभिनय से दूरी बनाने के बावजूद प्रधानमंत्री का संदेश उनके लिए सबसे बड़ा संतोष है. अनंत 78 वर्ष के हैं. वे केजीएफ फिल्म में कुछ समय पहले नजर आए थे. यही नहीं, दूरदर्शन के मालुगडी डेज ने तो 1980 के दशक में उन्हें घर घर में पॉपुलर बना दिया था.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anant Nag, Dadasaheb Phalke Award 2024, PM Narendra Modi, Hindi News, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com