विज्ञापन
This Article is From Jan 24, 2023

RRR के साथ ‘ऑल दैट ब्रीद्स’ ने भी किया भारत का नाम रौशन, ऑस्कर में ‘बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर’ के लिए नामित

जलवायु परिवर्तन से संबंधित भारतीय वृत्तचित्र “ऑल दैट ब्रीद्स” ने मंगलवार को अकादमी पुरस्कारों के 95वें संस्करण में अंतिम नामांकन सूची में जगह बनाई. वहीं तमिल वृत्तचित्र “द एलिफेंट व्हिस्परर्स” ने वृत्तचित्र लघु विषय श्रेणी में नामांकन हासिल किया.

RRR के साथ ‘ऑल दैट ब्रीद्स’ ने भी किया भारत का नाम रौशन, ऑस्कर में ‘बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर’ के लिए नामित
शौनक सेन की ‘ऑल दैट ब्रीद्स’ ऑस्कर में ‘बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर’ के लिए नामित
नई दिल्ली:

(भाषा): जलवायु परिवर्तन से संबंधित भारतीय वृत्तचित्र “ऑल दैट ब्रीद्स” ने मंगलवार को अकादमी पुरस्कारों के 95वें संस्करण में अंतिम नामांकन सूची में जगह बनाई. वहीं तमिल वृत्तचित्र “द एलिफेंट व्हिस्परर्स” ने वृत्तचित्र लघु विषय श्रेणी में नामांकन हासिल किया. शौनक सेन के निर्देशन वाले वृत्तचित्र “ऑल दैट ब्रीद्स” को ‘बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर' श्रेणी के लिये “ऑल द ब्यूटी एंड द ब्लडशेड”, “फायर ऑफ लव”, “ए हाउस मेड ऑफ स्प्लिंटर्स” और “नवलनी” के साथ नामांकित किया गया है. दिल्ली में बना वृत्तचित्र दो भाइयों, मोहम्मद सऊद और नदीम शहजाद पर आधारित है, जिन्होंने घायल पक्षियों, विशेष रूप से काली चीलों को बचाने और उनका इलाज करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है.

“ऑल दैट ब्रीद्स” को बाफ्टा अवार्ड के लिए भी नामांकित किया गया है. इसने पहले इस साल के सनडांस फिल्म फेस्टिवल में ‘वर्ल्ड सिनेमा ग्रैंड ज्यूरी प्राइज: डॉक्यूमेंट्री' जीता था. इसके अलावा इसने 2022 के कान फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र के लिए गोल्डन आई पुरस्कार हासिल किया था. तमिल डॉक्यूमेंट्री “द एलिफेंट व्हिस्परर्स” ने भी मंगलवार को 95वें अकादमी पुरस्कारों की वृत्तचित्र लघु विषय श्रेणी में नामांकन हासिल किया.

कार्तिकी गोंसाल्विस द्वारा निर्देशित इस वृत्तचित्र को चार अन्य फिल्मों – “हॉलआउट”, “हाउ डू यू मेजरमेंट ए ईयर?”, “द मार्था मिशेल इफेक्ट” और “स्ट्रेंजर एट द गेट” के साथ इस श्रेणी में नामांकित किया गया है. “द एलिफेंट व्हिस्परर्स” दो परित्यक्त हाथियों और उनकी देखभाल करने वालों के बीच एक अटूट बंधन को दर्शाता है. इसका निर्माण सिख्या एंटरटेनमेंट के गुनीत मोंगा और अचिन जैन ने किया है. प्रतिष्ठित 95वें अकादमी पुरस्कार की 23 श्रेणियों के लिए अंतिम नामांकन की घोषणा हॉलीवुड अभिनेता रिज अहमद और एलिसन विलियम्स ने यहां की. ऑस्कर 12 मार्च को होगा.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
All That Breathes, Documentary All That Breathes, Shaunak Sen, Best Documentary Feature In Oscars, Oscars 2023, Oscars 2023 Nomination List, Director Shaunak Sen
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com