डायरेक्टर आदित्य धर अपनी आने वाली फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं. फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है और इसे काफी पसंद किया जा रहा है. फिल्म का पहला पार्ट ब्लॉकबस्टर रहा और अब दर्शक बेसब्री से दूसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं. धुरंधर 2, 19 मार्च को रिलीज होने जा रही है. इसके पहले फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर का एक बयान फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को लेकर एक बात कही थी. उन्होंने कहा था कि अगर उनकी फिल्म पाकिस्तान में रिलीज नहीं होती तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता.
आदित्य धर ने अपनी पहली फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक से ही अपनी काबिलियत साबित कर दी थी. ये फिल्म जनवरी 2019 में रिलीज हुई थी. ये फिल्म पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा 2016 में उरी हमले के बाद भारत के बदले की कहानी पर आधारित थी. फिल्म बेहद सफल रही. इसने चार नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी जीते, जिसमें बेस्ट डायरेक्टर, विक्की कौशल के लिए बेस्ट एक्टर, बिश्वदीप चटर्जी के लिए बेस्ट ऑडियोग्राफ़ी और शाश्वत सचदेव के लिए बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर शामिल हैं. लेकिन फिल्म को पाकिस्तान में रिलीज नहीं किया गया.
‘नहीं पड़ता कोई फर्क'
जब उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक रिलीज़ हुई, तो आदित्य धर से पूछा गया कि अगर उनकी फिल्म पाकिस्तान में नहीं दिखाई गई तो उन्हें कैसा लगेगा. तब आदित्य धर ने कहा था, "मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. अगर वो भरोसा करते हैं और एक बार ये फिल्म देखें कि इस फिल्म में पाकिस्तानी जनता के खिलाफ कुछ नहीं बोला है. जो भी बोला गया है वो टेररिज्म के खिलाफ बोला गया है. अगर वो ये समझ जाएं कि हम टेररिज्म से लड़ रहे हैं, किसी जनता या किसी इंडिविजुअल से नहीं, मुझे लगता है उनको भी बहुत पसंद आएगी."
धुरंधर भी नहीं हुई पाकिस्तान में रिलीज
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक की तरह ही फिल्म धुरंधर भी पाकिस्तान में रिलीज नहीं हुई. हालांकि पाकिस्तान में ये फिल्म काफी पॉपुलर हुई. इसकी पायरेटेड DVDs 16 रुपये में बिकीं. धुरंधर को रिलीज होने के 12 दिनों के अंदर पाकिस्तान में 2 मिलियन से ज्यादा गैर-कानूनी डाउनलोड हुए. जनवरी में नेटफ्लिक्स पर आने के बाद ये नेटफ्लिक्स पाकिस्तान पर भी नंबर वन बन गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं