हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार आमिर खान ने आखिरकार अपने सबसे चर्चित फिल्म '3 इडियट्स' की सीक्वल पर काम शुरू कर दिया है. 2009 में रिलीज हुई राजकुमार हिरानी की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म ने पूरे देश को ना सिर्फ हंसाया बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर सोचने को मजबूर भी किया था. अब 15 साल बाद इस फिल्म की दूसरी कड़ी बन रही है, जिसमें आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी तीनों फिर से अपने आइकॉनिक रोल में नजर आएंगे. फिल्म से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि आमिर खान ने '3 इडियट्स' की प्री-प्रोडक्शन शुरू कर दी है. फिल्म अभी स्क्रिप्ट और प्लानिंग के फेज में है. सबसे बड़ी बात यह है कि मूल फिल्म के तीनों मुख्य किरदार, आमिर (रणछोड़दास श्यामलदास चांचड़, रैंचो), माधवन (फरहान) और शरमन जोशी (राजू) वापसी कर रहे हैं. राजकुमार हिरानी एक बार फिर डायरेक्टर की कुर्सी संभालेंगे, जो इस प्रोजेक्ट को और भी खास बना रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, सीक्वल में बड़ा टाइम लीप होगा. किरदार अब 2009 वाली उम्र और जीवन के उस दौर में नहीं होंगे. कहानी पूरी तरह फ्रेश टाइमलाइन पर आधारित होगी. सबसे बड़ा ट्विस्ट यही है कि फिल्म की घटनाएं मूल '3 इडियट्स' से पहले की होंगी या बाद में, यह अभी भी रहस्य बना हुआ है. सूत्र बताते हैं कि इस कहानी की सटीक दिशा फिलहाल सिर्फ आमिर खान ही जानते हैं. उन्होंने स्क्रिप्ट को बेहद गोपनीय रखा है और पूरी टीम को भी सिर्फ जरूरी जानकारी दी जा रही है.

'3 इडियट्स' आमिर खान की फिल्मोग्राफी में सबसे यादगार फिल्मों में से एक है. रैंचो का किरदार आज भी पॉपुलर है. फिल्म में दोस्ती, सपनों, शिक्षा की खामियों और जीवन के मजे लेने का संदेश इतना गहरा था कि यह आज भी कल्ट क्लासिक बनी हुई है. फिल्म ने भारत में ही 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. चीन में तो यह 'अवतार' को भी पछाड़ गई थी. क्या करीना कपूर खान भी वापसी करेंगी, इस पर अभी पर्दा है.

इंडस्ट्री में चर्चा है कि फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू हो सकती है. बड़े बजट और हाई टेक्नोलॉजी के साथ बन रही इस फिल्म से बहुत ज्यादा उम्मीदें हैं. अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक चला तो '3 इडियट्स' 2027-28 में स्क्रीन्स पर धमाल मचा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं