यश की 'टॉक्सिक' रिलीज से पहले ही फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा में आ गई है. फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, लेकिन उससे पहले ही मुंबई और बेंगलुरु के कई थिएटरों ने इसके लिए खास तैयारी कर ली है. कहीं सुबह 6 बजे पहला शो रखा गया है तो कहीं देर रात तक स्क्रीनिंग होगी. सबसे ज्यादा हैरानी टिकट की कीमत ने बढ़ाई है, क्योंकि कुछ जगह एक टिकट के लिए 2250 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं. एडवांस बुकिंग का शानदार रिस्पॉन्स देखकर लग रहा है कि यश की वापसी को लेकर फैंस का इंतजार अब और भी बढ़ गया है.
KGF के बाद यश की पहली बड़ी वापसी
गीतु मोहनदास के डायरेक्शन में बनी टॉक्सिक, केजीएफ चैप्टर 2 के बाद यश की पहली बड़ी थिएटर रिलीज है. एडवांस बुकिंग शुरू होते ही दर्शकों ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया, जिसके बाद कई थिएटरों ने शो की संख्या बढ़ा दी. कई स्क्रीनिंग रिलीज से पहले ही तेजी से भरने लगी हैं, जिससे फिल्म को लेकर बढ़ता क्रेज साफ नजर आ रहा है.
सुबह 6 बजे से रात 3 बजे तक चलेंगे शो
मुंबई में कुछ सिनेमाघरों ने सुबह 6 बजे पहला शो रखा है, जबकि कुछ जगह 7 बजे से स्क्रीनिंग शुरू होगी. वहीं चुनिंदा थिएटरों में आखिरी शो रात 11:45 बजे शुरू होकर करीब 3 बजे खत्म होगा. यानी फैंस के पास सुबह से लेकर देर रात तक अपनी पसंद के समय पर फिल्म देखने का मौका रहेगा.
2250 रुपये का टिकट भी बना चर्चा का कारण
फिल्म के टिकट भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. मुंबई के बांद्रा स्थित जियो वर्ल्ड ड्राइव में सबसे महंगा टिकट 2250 रुपये बताया गया है, जबकि बेंगलुरु के फोरम रेक्स वॉक में प्रीमियम टिकट 2181 रुपये तक पहुंच गया है. इसके अलावा कई मल्टीप्लेक्स में 1500 रुपये से ज्यादा के टिकट भी बिक रहे हैं. फिल्म में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत नजर आएंगी. पहले इसकी रिलीज मार्च 2026 के लिए तय थी, फिर इसे जून तक टाला गया और आखिर में 26 अगस्त की तारीख फाइनल हुई.
ये भी पढ़ें: 19 साल बाद लौटा शिवम पंडित का जादू, ‘आवारापन 2' ने रचा इतिहास, 10 दिन में कर डाली इतनी मोटी कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं