- राबड़ी देवी ने अपने सरकारी आवास को खाली करने से इनकार कर दिया है और सुरक्षा कर्मियों को वापस भेजा है.
- बिहार सरकार ने लालू यादव और राबड़ी देवी को मिलने वाली जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है, जिससे विवाद बढ़ गया है.
- तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा वापस नहीं ली गई बल्कि सुरक्षा कर्मियों का कमांड काटा गया है.
बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सरकार के बीच विवाद बढ़ता नजर आ रहा है. एक ओर राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास को खाली करने से इनकार कर रही हैं, वहीं शनिवार को उन्होंने अपने आवास के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया. दरअसल, बिहार सरकार ने लालू यादव और राबड़ी देवी को मिली जेड प्लस सुरक्षा वापस ले ली है. इस बीच इस पूरे मामले पर उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि किसी की सुरक्षा वापस नहीं ली गई है, बल्कि सरकार ने उनके परिवार के सुरक्षा कर्मियों का कमांड ही काट दिया है.
उन्होंने सुरक्षा वापस नहीं की : तेज प्रताप यादव
JJD अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा ने कहा कि यह अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि सुरक्षा वापस की गई है. लेकिन ऐसा नहीं है. मैंने माताजी(राबड़ी देवी) से स्पष्ट बात की है, उन्होंने सुरक्षा वापस नहीं की है. सुरक्षा में तैनात सेक्योरिटी उन्हें कागज़ दिखा रहा था कि उनका कमांड काट दिया गया है, इसलिए उन्होंने उन्हें जाने के लिए कहा. कोई सुरक्षा वापस नहीं की गई. बिहार में सबसे पहले बहू-बेटियों की सुरक्षा जरूरी है. बिहार की जनता की सुरक्षा होनी चाहिए. सम्राट चौधरी, घर, सुरक्षा, आदि पर राजनीति कर रहे हैं. बिहार में युवा बेरोजगार हैं उसपर क्यों नहीं ध्यान देते?
बता दें कि लालू प्रसाद यादव और पत्नी राबड़ी देवी ने 'जेड प्लस' सुरक्षा हटाए जाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को अपनी सुरक्षा में तैनात बाकी पुलिसकर्मियों को भी वापस लौटा दिया. इसी तरह तेजस्वी यादव ने वन पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी से वापस भेज दिया.
इधर, लालू प्रसाद यादव और पत्नी राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती के बाद बिहार की राजनीति में घमासान मचा है. राजद नेता आक्रोशित हैं. इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया है कि लालू परिवार की सुरक्षा में कोई कटौती नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें : लालू यादव और राबड़ी देवी के आवास के बाहर लाठी लेकर पहुंचे RJD कार्यकर्ता, Z+ सिक्योरिटी हटाने से नाराज