सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कुत्ते की कहानी ने लाखों लोगों को भावुक कर दिया है. यह कहानी चीन के मशहूर बॉर्डर कॉली डॉग 'चुटौ' (Chutou) की है, जिसके सोशल मीडिया पर 15 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. चुटौ की मौत की खबर सामने आने के बाद लोग दुखी हैं, तो कई लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है. सोशल मीडिया यूजर्स दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में-
क्या है पूरा मामला?
साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चुटौ चीन के हेनान प्रांत में रहने वाले ट्रैवल इन्फ्लुएंसर गुओ का पालतू कुत्ता था. गुओ जहां भी घूमने जाते थे, चुटौ अक्सर उनके साथ रहता था. दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल होती थीं.
11 मई को गुओ जॉर्जिया में रोड ट्रिप पर थे. उस समय चुटौ उनके माता-पिता के पास रह रहा था. इसी दौरान वह अचानक घर के पास से गायब हो गया. बाद में सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि दो अज्ञात लोग उसे बाइक पर बैठाकर ले गए थे.
अब, जैसे ही गुओ को इस बारे में पता चला, उन्होंने अपनी ट्रिप बीच में ही छोड़ दी और तुरंत चीन लौट आए. इसके बाद उन्होंने चुटौ की तलाश शुरू कर दी.
कई दिनों की खोजबीन के बाद गुओ उस व्यक्ति तक पहुंच गए, जिस पर चुटौ को ले जाने का शक था. उन्होंने अपने कुत्ते को वापस पाने के लिए पैसे देने की भी पेशकश की. लेकिन उस व्यक्ति ने जो बताया, उसे सुनकर गुओ के पैरों तले जमीन खिसक गई.
आरोपी ने दावा किया कि उसने चुटौ को 180 युआन (करीब 2,300 रुपये) में एक ऐसे रेस्टोरेंट को बेच दिया था, जहां डॉग मीट बेचा जाता है. उसका कहना था कि अब चुटौ जिंदा नहीं है.
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने कहा, 'कुत्ता मर चुका है. अब इस बात को यहीं खत्म करो. मैंने कोई कानून नहीं तोड़ा है.'
अवशेष तक नहीं मिलेचुटौ की कोई निशानी बची हो, इस उम्मीद में गुओ उस रेस्टोरेंट तक भी पहुंचे. लेकिन वहां उन्हें बताया गया कि कुत्ते के बाल और बाकी अवशेष काफी पहले फेंके जा चुके हैं. इसके बाद गुओ ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई.
इधर, चुटौ की मौत की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. हजारों यूजर्स ने इस घटना की कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. घटना के बाद चीन में जानवरों की सुरक्षा और पालतू जानवरों के अधिकारों को लेकर बहस तेज हो गई है. लोग मांग कर रहे हैं कि पालतू जानवरों के साथ होने वाले अपराधों पर सख्त कानून बनाए जाएं और उन्हें परिवार के सदस्य जैसा कानूनी संरक्षण दिया जाए.
बहरहाल चुटौ की कहानी ने लाखों लोगों को झकझोर दिया है और एक बार फिर जानवरों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह भी पढ़ें- 3 हजार रुपये का प्रोजेक्ट बना मुसीबत का सबब, क्लाइंट ने देर रात कॉल कर निजी बातें शुरू कर दीं