- ईरानी सुरक्षा परिषद के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने मुस्लिम देशों से इस जंग में समर्थन की अपील की है.
- उन्होंने कहा कि अधिकांश इस्लामी देशों ने ईरान पर हमले के बाद केवल राजनीतिक बयान दिए, समर्थन नहीं दिया.
- लारीजानी ने अमेरिका और इजरायल को बड़ा शैतान और छोटा शैतान कहा तथा उनके खिलाफ प्रतिरोध जारी रखने का दावा किया.
ईरान की सुरक्षा परिषद के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने दुनिया भर के मुसलमानों और इस्लामी देशों की सरकारों को एक विस्तृत खुला पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका‑इजरायल संघर्ष के बीच ईरान जिस समर्थन की उम्मीद मुस्लिम देशों से कर रहा था, वह नहीं मिला. लारीजानी ने इस्लामी देशों से पूछा है कि वे किस पक्ष में खड़े होना चाहते हैं.
'ज्यादातर इस्लामी देशों ने सिर्फ बयान दिए'
अपने पत्र में लारीजानी ने कहा कि अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले के बाद अधिकांश मुस्लिम देशों ने सिर्फ राजनीतिक बयान दिए, लेकिन वास्तव में ईरान के साथ खड़े नहीं हुए. उनके अनुसार, इस हमले में ईरान के कई नागरिकों, सैन्य कमांडरों और इस्लामी क्रांति के एक बड़े नेता की मौत हुई. लारीजानी ने लिखा कि इसके बावजूद ईरानी जनता ने 'दृढ़ इच्छाशक्ति' के साथ इस हमले का जवाब दिया है, जबकि हमलावर इस रणनीतिक संकट से निकलने का रास्ता नहीं खोज पा रहे.
यह भी पढ़ें- Iran-Israel War: होर्मुज स्ट्रेट पर नहीं मिला किसी का साथ तो झल्लाए ट्रंप बोले- 'हमें किसी की जरूरत नहीं'
अमेरिका‑इजरायल को ‘बड़ा और छोटा शैतान' बताया
पत्र में उन्होंने अमेरिका और इज़रायल को 'बड़ा शैतान' और 'छोटा शैतान' कहा और दावा किया कि ईरान इन दोनों के खिलाफ प्रतिरोध के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उनका आरोप है कि कुछ मुस्लिम देशों का रवैया पैगंबर मुहम्मद की उन शिक्षाओं के खिलाफ है, जिनमें कहा गया है कि किसी मुसलमान की पुकार सुनकर भी यदि कोई मदद न करे, तो वह सच्चा मुसलमान नहीं है.
'क्या ईरान चुप बैठा रहे?'
कई देशों द्वारा यह कहे जाने पर कि ईरान ने उनके देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया, लारीजानी ने सवाल उठाया, 'क्या ईरान से यह उम्मीद की जाती है कि वह हाथ पर हाथ रखकर बैठा रहे, जबकि आपके देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों का इस्तेमाल हम पर हमले के लिए किया जा रहा है?'
यह भी पढ़ें- भारत के जहाज ने होर्मुज किया पार तो अमेरिका ने कहा- 'हमें दिक्कत नहीं', ट्रंप ने 7 देशों में घुमाया फोन
लारीजानी का कहना है कि यह बहाना है और मौजूदा स्थिति में संघर्ष एक तरफ अमेरिका‑इजरायल और दूसरी तरफ ईरान व प्रतिरोध की ताकतों के बीच है.
'अमेरिका वफादार नहीं, इजरायल दुश्मन'
पत्र में उन्होंने इस्लामी देशों से आग्रह किया कि वे भविष्य के बारे में सोचें और दावा किया कि अमेरिका आपका वफादार नहीं है और इजरायल आपका दुश्मन है. लारीजानी ने कहा कि ईरान किसी पर प्रभुत्व स्थापित नहीं करना चाहता, बल्कि क्षेत्रीय स्थिरता और स्वतंत्रता चाहता है.
इस्लामी एकता की अपील
पत्र के अंत में उन्होंने पूरी मुस्लिम दुनिया से एकता की अपील करते हुए कहा कि यदि 'उम्मा' एकजुट हो जाए, तो सभी देशों के लिए सुरक्षा, प्रगति और स्वतंत्रता सुनिश्चित हो सकती है.













