- जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस खुद को पति की विश्वसनीय सलाहकार मानती हैं, व्यक्तिगत मुद्दों पर उनकी मदद करती हैं
- उषा वेंस और जेडी वेंस हर मुद्दे पर एकमत नहीं होते, लेकिन यह असहमति खुली और स्वस्थ बातचीत को बढ़ावा देती है
- जेडी वेंस के पास पेशेवर सलाहकारों की टीम है, लेकिन वे पत्नी से व्यक्तिगत और महत्वपूर्ण मामलों पर राय लेते हैं
अमेरिका की सेकंड लेडी उषा वेंस ने पति और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ वैचारिक मतभेदों पर खुलकर अपनी बात रखी है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की पत्नी उषा वैंस का कहना है कि वह खुद को पति की विश्वसनीय सलाहकार मानती हैं. खासकर जब वह किसी ऐसे मुद्दे पर अपनी बात रखती हैं, जो उनके लिए "व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण" हो. एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में अमेरिकी द्वितीय महिला उषा वेंस ने यह भी कहा वह और उनके पति जेडी वेंस हर मुद्दे पर एकमत नहीं होते हैं, लेकिन ये असहमति ही 'खुले विचारों वाली' बातचीत के लिए जगह बनाती है.
उषा वेंस ने कहा, "बातचीत तो हर समय चलती रहती है. असल में मैं यह समझना चाहती हूं कि उनकी दुनिया में क्या चल रहा है, उनका ध्यान किन चीजों पर केंद्रित है, उनकी क्या चिंताएं हैं, क्योंकि यह एक वैवाहिक जीवन है. मेरा मतलब है, मैं उनका समर्थन करना चाहती हूं, और अगर मुझे असल में पता नहीं होगा कि क्या चल रहा है, तो मैं ऐसा नहीं कर सकती."
'मैं उनकी इंप्लॉई नहीं हूं..'
उषा वेंस ने बताया, "उपराष्ट्रपति (जेडी वेंस) के पास सलाहकारों की पूरी टीम है, लेकिन वे उनसे तभी सलाह लेते हैं 'जब कोई बात उन्हें परेशान करती है' या 'जब वे किसी ऐसे मामले पर खुलकर बात करना चाहते हैं, जो उनके लिए बेहद निजी या महत्वपूर्ण हो. मैं उनकी इंप्लॉई नहीं हूं. मैं इसमें किसी भी तरह से पेशेवर रूप से शामिल नहीं हूं... ऐसी कोई उम्मीद नहीं है कि हम हर बात पर सहमत होंगे."
ये भी पढ़ें:- ईरान जंग खत्म करने के लिए 3 दिन के अंदर पाकिस्तान जा सकते हैं अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस- रिपोर्ट
उम्मीद करती हूं, खुले दिमाग से बातचीत करें
उषा वेंस कहती हैं कि जब वह पति के साथ बातचीत करती हैं, तो उम्मीद यह रहती है हम खुले दिमाग से बातचीत करेंगे. मैं एक ऐसे व्यक्ति के रूप में सुझाव दूंगी जो उनसे प्यार करता है और उनकी सफलता चाहता है. इसलिए, भले ही हम सहमत न हों, मुझे लगता है कि यह हमेशा एक-दूसरे के लिए उपयोगी होता है." उषा ने बताया कि राष्ट्रपति इलेक्शन कैंपेन उनके पति के साथ बातचीत में प्रायॉरिटी नहीं थे, जो नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों पर ज्यादा फोकस कर रहे थे.
ये भी पढ़ें:- ईरान पर बदला अमेरिका का रुख? उपराष्ट्रपति वेंस बोले- सत्ता बदलने में हमारी दिलचस्पी नहीं, लेकिन...














