समाजवादी पार्टी नेता आजम खान की 'सपनों की यूनिवर्सिटी' मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर अब बुलडोजर का खतरा मंडरा रहा है. रामपुर विकास प्राधिकरण RDA ने यूनिवर्सिटी के 40 भवनों में से 38 भवनों को अवैध घोषित कर ध्वस्तीकरण का आदेश जारी कर दिया है. RDA का दावा है कि ये निर्माण बिना नक्शा पास कराए और NOC लिए हुए बने हैं. 82,309 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इन भवनों को गिराने के लिए 15 दिन का नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है. अगर यूनिवर्सिटी खुद नहीं हटाती तो प्रशासन कार्रवाई करेगा. इसके बाद सिर्फ 2 भवन ही बचेंगे. यूनिवर्सिटी की दलील है कि निर्माण के समय ये क्षेत्र RDA के दायरे में नहीं था. 2017 में सत्ता परिवर्तन के बाद से यूनिवर्सिटी पर लगातार कार्रवाई हो रही है. पहले लीज की जमीन भी निरस्त की जा चुकी है. छात्रों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने कैंपस में काउंसलिंग सेंटर खोलने के निर्देश दिए हैं ताकि छात्रों को आगे की गाइडलाइन दी जा सके.