UAE nuclear plant fire: अरब के इस ताकतवर मुल्क के न्यूक्लियर प्लांट के पास ब्लास्ट, ईरान पर हमले का शक

यूएई से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है, जहां अबूधाबी के बरकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास बने जनरेटर में अचानक आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना को यूएई ने संभावित आतंकी हमला करार दिया है और इसमें ईरान की संलिप्तता पर भी शक जताया गया है.
हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने या रेडियोधर्मी रिसाव की कोई सूचना नहीं मिली है. आग पावर प्लांट के मुख्य हिस्से में नहीं बल्कि उसके पास स्थित जनरेटर में लगी, जिससे बड़ी तबाही टल गई. सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहराई से जांच में जुट गई हैं.
इस घटना के बीच क्षेत्रीय तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिख रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच पहले से जारी तनातनी अब और खतरनाक मोड़ लेती नजर आ रही है. इसी बीच ईरान ने यूएई को इजरायल के साथ बढ़ते रिश्तों को लेकर सख्त चेतावनी दी है.
ईरान के पूर्व आईआरजीसी कमांडर मोहसिन रजाई ने कहा है कि "हमने दोस्ती का दरवाजा बंद नहीं किया, लेकिन हमारे धैर्य की भी एक सीमा है." उन्होंने यूएई से साफ तौर पर कहा कि वह इजरायल की किसी भी "साजिश" का हिस्सा बनने से बचे. यह बयान ऐसे समय में आया है जब मिडिल ईस्ट में गठजोड़ तेजी से बदल रहे हैं.
विश्लेषकों का मानना है कि यूएई, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ती नजदीकियां ईरान के लिए चिंता का बड़ा कारण बनती जा रही हैं. वहीं बरकाह प्लांट के पास लगी आग ने इस तनाव को और संवेदनशील बना दिया है.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह घटना एक अलग-थलग हादसा है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है. साथ ही यह भी देखना होगा कि क्या इस घटना के बाद क्षेत्र में टकराव और तेज होगा या कूटनीतिक प्रयास हालात संभाल पाएंगे.

संबंधित वीडियो