हरियाणा में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहतक से चुनावी बिगुल आज फूंक दिया है. यहां आयोजित रैली में पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर और लद्दाख के करोड़ों साथियों के साथ मिलकर एक नई सोच के साथ, उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने में हम जुट गए हैं. अपनी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस बार संसद के सत्र में जितने बिल पास हुए हैं, जितना काम हुआ है, उतना काम संसद के किसी सत्र में पिछले 6 दशकों में नहीं हुआ. देर रात तक बैठकर सांसदों द्वारा नए कानूनों पर चर्चा की गई है. वहां आई जनता का धन्यवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आप सबके अभूतपूर्व विश्वास के बल पर ही कृषि से लेकर राष्ट्र की रक्षा और सुरक्षा से जुड़े बड़े निर्णय सरकार ले पाई है. उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने, मुस्लिम बहनों के अधिकारों की सुरक्षा और हमारे हेल्थ सेक्टर की बेहतरी के लिए अनेक कानून बनाए गए हैं.