उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. गुरुवार सुबह से धाम सहित रुद्रप्रयाग जनपद के कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जबकि केदारनाथ धाम और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से मौसम बेहद ठंडा हो गया. धाम की चोटियों और पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से यहां का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है. बर्फबारी से बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिल रहा है, लेकिन तापमान में गिरावट के कारण ठंड का प्रकोप भी लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में धाम पहुंचने वाले यात्रियों के लिए गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखना बेहद महत्वपूर्ण हो गया है.
केदारनाथ धाम में कुछ दिन पहले भी बर्फबारी हुई थी. अब एक बार फिर बर्फ गिरने से यहां ठंड का असर और बढ़ गया है. सुबह से ही मौसम में आए बदलाव के चलते धाम का वातावरण ठंडा बना हुआ है. पहाड़ियों पर जमी बर्फ और आसमान में छाए बादलों के बीच केदारपुरी का प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा है. बर्फबारी के चलते धाम की चोटियां सफेद नजर आ रही हैं, वहीं बारिश और तापमान में गिरावट ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं.