हरियाणा में वन्यजीव रेस्क्यू का अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन सामने आया है. वंदे मातरम दल ने नारायणगढ़ के पास नेशनल हाईवे से 13 फुट लंबे और 93 किलोग्राम वजनी एक विशालकाय अजगर को रेस्क्यू कर पंचकूला स्थित मोरनी के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया. वन्यजीवों को रेस्क्यू करने वाले वंदे मातरम दल के सदस्य भरत की अगुवाई में ये रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया. रेस्क्यू किए गए अजगर की उम्र करीब 30 साल बताई जा रही है. वंदे मातरम् दल के सदस्य भरत ने जानकारी दी कि अजगर आकार में बेहद विशाल, काफी भारी होने के साथ-साथ आक्रामक भी था, ऐसे में उसे पकड़ना काफी चुनौतीपूर्ण था. टीम ने वन्यजीव विभाग के सहयोग से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत, पूरी सावधानी, सूझबूझ और आपसी तालमेल के साथ अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया.