पिछले 6 अक्टूबर से विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है. विरोध हर दिन तेज होता जा रहा है. इंडिया ब्लॉक ने आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च का ऐलान किया है. कांग्रेस ने इस मार्च को 'चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी' नाम दिया है. विपक्षी नेता दोपहर डेढ़ बजे कनॉट प्लेस बाराखंबा रोड जंक्शन पर जुटेंगे, अब अपडेट है कि तमाम नेता 1 बजे रफी मार्ग स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पर इकट्ठे होंगे और वहां से रणनीति बनाकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे. राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे मार्च की अगुवाई करेंगे, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे. आम आदमी पार्टी और डीएमके ने खुद को इस मार्च से अलग रखा है.
दरअसल राहुल गांधी ने CJI सूर्यकांत से मुलाकात का समय मांगा था ताकि ज्ञापन सौंप सकें लेकिन CJI ने मिलने से इनकार कर दिया. सूत्रों के मुताबिक जवाब में कहा गया जिन मुद्दों पर मिलना चाहते हैं वो अदालत में लंबित हैं, याचिका दाखिल कर न्यायिक प्रक्रिया अपनाने का रास्ता खुला है. कांग्रेस ने फैसले का सम्मान करने की बात कही लेकिन मार्च जारी रखने का ऐलान किया.