CM नीतीश कुमार की आखिरी कैबिनेट मीटिंग, मिलने वाला है सबसे बड़ा सरप्राइज

  • 2:22
  • प्रकाशित: अप्रैल 13, 2026

बिहार की राजनीति से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर एनडीटीवी पर सामने आ रही है. कल दोपहर 2 बजे पटना में भारतीय जनता पार्टी की विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है. इस बैठक का मकसद विधायक दल का नेता चुनना है, जो आगे चलकर बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे.


बीजेपी विधायक दल की इस बैठक में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे. लंबे समय से चल रहे इंतजार के बाद कल इस बात पर अंतिम फैसला हो जाएगा कि बिहार की कमान किसके हाथ में जाएगी.


सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कल सुबह 11 बजे अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक बुलाई है. इस बैठक के बाद उनके इस्तीफा देने की संभावना है. इसके तुरंत बाद BJP विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता के नाम पर अंतिम मोहर लगेगी.


बैठक के लिए सभी बीजेपी विधायकों को पटना बुला लिया गया है. जिन विधायकों की ड्यूटी अन्य राज्यों, खासकर बंगाल चुनाव में लगी थी, उन्हें भी वापस बुला लिया गया है. कल 2 बजे बीजेपी कार्यालय में होने वाली इस बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा.


सम्राट चौधरी सबसे आगे, लेकिन सरप्राइज संभव
मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे ज्यादा चर्चा सम्राट चौधरी के नाम की हो रही है. सम्राट चौधरी फिलहाल डिप्टी सीएम हैं और गृह जैसे अहम विभाग संभाल चुके हैं. पार्टी के भीतर उन्हें लंबे समय से तैयार किए जाने की भी बात कही जा रही है.


सूत्रों का कहना है कि सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं और उनके नाम की अनुशंसा भी की गई है. यही वजह है कि उनका नाम सबसे आगे चल रहा है.


हालांकि बीजेपी अपने फैसलों से अक्सर सबको चौंकाने के लिए जानी जाती है. ऐसे में कई विधायक उम्मीद लगाए बैठे हैं कि आखिरी समय में पार्टी कोई नया नाम भी सामने ला सकती है. फिलहाल सभी की नजरें कल दोपहर होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय हो जाएगा कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.

संबंधित वीडियो