उत्तर प्रदेश के शामली में पुलिस और स्वाट टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शार्प शूटरों- सुमित और मोहित को मुठभेड़ में मार गिराया है. चेकिंग के दौरान रुकने का इशारा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर करीब 15 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटर गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौके से सोफिस्टिकेटेड हथियार भी बरामद किए गए हैं. एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर इस हत्याकांड में चार से अधिक लोगों के शामिल होने और जेल से साजिश रचे जाने की संभावना है, जिसकी विस्तृत जांच जारी है.