कांग्रेस ने फेसबुक और इंस्टाग्राम चलाने वाली कंपनी मेटा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. हैदराबाद, गुरुग्राम, मुंबई के बाद दिल्ली में भी प्रदर्शन हुआ. कांग्रेस का आरोप है कि मेटा विपक्ष की आवाज को दबा रहा है. हंगामा हुआ, नारेबाजी हुई, गमले तोड़े गए और ये सब हुआ फेसबुक और इंस्टाग्राम की कंपनी मेटा के हैदराबाद वाले दफ्तर में. हंगामा करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता थे, जिनका आरोप है कि कंपनी ने यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पाबंदी लगाई और उनके कई पोस्ट भी हटाए गए. इस बवाल के बाद पुलिस ने करीब 20 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया.