नेपाल में बाढ़ को आए 10 दिन बीत चुके थे. लापता लोगों के जिंदा होने की उम्मीद उनके परिजन छोड़ चुके थे. लेकिन इस बीच चमत्कार हो गया, एक महिला को 10 दिनों पर सुरक्षित निकाल लिया गया. ये महिला हैं 65 साल की चंद्रिका. रेस्क्यू टीम ने चंद्रिका को एक 4 मंजिला इमारत में मलबे के बीच से निकाला. टीम को हेलीकॉप्टर और ड्रोन से इलाके के सर्वे के दौरान उनकी जानकारी मिली. रेस्क्यू टीम पहुंची, तो चंद्रिका कीचड़ से लतपत थीं. पानी की कमी के चलते चंद्रिका बेहोश थीं, लेकिन उनकी सांसें चल रही थीं. बता दें कि चंद्रिका के परिवारवाले उनका अंतिम संस्कार भी कर चुके थे. लेकिन जब उन्होंने चंद्रिका को देखा, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं था.