नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है. इस बीच अमेरिकी टीम को मदद के लिए बुलया गया है. इस बीच नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि भारत की सुरंग बचाव (टनल रेस्क्यू) टीम नेपाली सेना के साथ मिलकर रसुवा जिले के चिलिमे क्षेत्र में फंसे लोगों की तलाश में लगातार काम कर रही है.
राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि भारतीय टीम ने बेहद कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपना अभियान जारी रखा है. उन्होंने बताया कि सुरंग के भीतर सीमित जगह, चुनौतीपूर्ण भू-भाग और दलदल जैसी स्थिति होने के बावजूद बचाव दल ने अस्थायी फ्लोट्स (तैरने वाले उपकरणों) का इस्तेमाल कर सुरंग के अंदर गहराई तक पहुंचने का प्रयास किया. उन्होंने कहा कि टीम बुधवार को भी अपना अभियान जारी रखेगी और सुरंग में फंसे किसी भी व्यक्ति को बचाने की कोशिश करेगी.