6 साल की मासूम की गुहार पर हरकत में प्रशासन, डीएम खुद दौड़े-दौड़े पहुंचे गांव, सड़क मरम्मत के दिए आदेश

लखीमपुर खीरी में 6 साल की मानवी की सड़क मरम्मत की अपील सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसके बाद डीएम खुद गांव पहुंचे. उन्होंने तुरंत सड़क ठीक कराने के आदेश दिए और इलाके में अनियोजित विकास पर भी चिंता जताई.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक 6 साल की बच्ची की मासूम अपील ने प्रशासन को सक्रिय कर दिया. कक्षा एक की छात्रा मानवी सिंह ने अपने घर के पास जलभराव वाली सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया, जो तेजी से वायरल हो गया.

'डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं'

मानवी ने अपने संदेश में जिलाधिकारी को संबोधित करते हुए कहा, 'डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, प्लीज हमारे यहां की सड़क ठीक करवा दीजिए.' वीडियो में बच्ची को पानी से भरी टूटी सड़क पर चलते हुए देखा गया, जो उसकी परेशानी को बखूबी दर्शाता है.

यह भी पढ़ें- सोनम की जमानत को मेघालय सरकार ने हाईकोर्ट में दी चुनौती, 12 मई को होगी अगली सुनवाई

DM ने तुरंत दिए टूटी सड़क को ठीक कराने के निर्देश

यह वीडियो जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह तक भी पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया. डीएम खुद अधिकारियों की टीम के साथ सलेमपुर कोन गांव पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घर को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली ईंटों की सड़क पूरी तरह जर्जर थी, जिसमें नाली और बारिश का पानी भरा हुआ था. डीएम ने मौके पर ही सड़क की मरम्मत के तत्काल आदेश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और मानवी को जलभराव से राहत मिल सके.

Advertisement

बच्ची को दीं मिठाइयां और बिस्किट

इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्ची से मुलाकात कर उसे बिस्किट और मिठाइयां भी दीं और समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया. निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि इलाके में अनियोजित विकास के कारण जल निकासी और बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है. डीएम ने स्थानीय लोगों को बिना योजना के प्लॉटिंग से बचने और जमीन खरीदते समय सड़क, बिजली और ड्रेनेज जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच करने की सलाह दी.

मानवी की छोटी-सी अपील ने न सिर्फ उसकी खुद की समस्या का समाधान कराया, बल्कि प्रशासन को भी इलाके की बड़ी समस्याओं की ओर ध्यान देने के लिए मजबूर कर दिया.

Advertisement
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Topics mentioned in this article
Lakhimpur Khiri
Lakhimpur Khiri News
Bad Road In Lakhimpur Khiri
Kid Demands Road In Lakhimpur Village