Uttar Pradesh Hindi News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आरपीएफ (RPF) के जवान ने सतर्कता दिखाते हुए एक यात्री को मौत के मुंह से निकालकर जान बचाई. इसका वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. इस खौफनाक तस्वीरों को देख लोग कह रहे हैं जाको राखे साइयां, मार सके न कोय. घटना पर मौजूद लोगों को तो एक बार के लिए यह लगा था कि कहीं कोई अनहोनी घटना हो सकती थी.
जानकारी के अनुसार, मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन (Mathura Junction) पर कॉन्स्टेबल विजय सिंह, ड्यूटी पर थे. इसी दौरान ट्रेन संख्या 12963 मेवाड़ एक्सप्रेस (Mewad Express) रवाना हुई. इसी बीच ट्रेन के चलने के दौरान एक यात्री ने चढ़ने का प्रयास किया, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन एवं प्लेटफॉर्म के बीच फंसकर गिरने लगा.
जान की परवाह किए बगैर की मदद
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कॉन्स्टेबल विजय सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तत्काल यात्री को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस साहसिक कार्य के लिए मौके पर उपस्थित यात्रियों ने कॉन्स्टेबल विजय सिंह की जमकर प्रशंसा की. हालांकि, यात्री को हल्की चोट आई थी, जिसने अपना नाम-पता बताए बिना धन्यवाद व्यक्त करते हुए अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया.
रेलवे ने की यात्रियों से अपील
उधर, मौत को मात देने के इस हादसे के बाद रेल प्रशासन और आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें. यह अत्यंत खतरनाक है और इससे गंभीर दुर्घटना हो सकती है.
ये भी पढ़ें- श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद! इलाहाबाद हाईकोर्ट में कल होगी अहम सुनवाई














