Noida Protest News: नोएडा में वेतन वृद्धि, काम के तय घंटों जैसे मुद्दों पर कामगारों के विरोध प्रदर्शन के बीच जिला प्रशासन से लेकर लखनऊ में शासन स्तर तक अधिकारी एक्शन में हैं. यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने लेबर कोड लागू होने के पहले अंतरिम राहत के तौर पर नोएडा और गाजियाबाद में श्रमिकों की सैलरी में 21 फीसदी तक बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. वहीं सरकार श्रमिकों की आड़ में हिंसा भड़काने वाले उपद्रवियों पर सख्ती भी शुरू कर दी है. अब तक 300 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. गौतमबुद्ध नगर प्रशासन सोशल मीडिया और उन व्हाट्सएप ग्रुप की जांच में जुटा है, जिनके जरिये श्रमिकों को उकसाया गया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई.
नोएडा में 83 जगहों पर जुटे थे श्रमिक
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि मंगलवार को कहीं भी हिंसक प्रदर्शन या पथराव की खबरें नहीं हैं. सोमवार को नोएडा में 83 जगहों पर 42 हजार से ज्यादा श्रमिक सड़कों पर उतरे थे, लेकिन सिर्फ दो जगहों पर हिंसक प्रदर्शन हुए थे. पुलिस बल ने कम से कम कम बल प्रयोग के जरिये इसे नियंत्रित किया. इनमें से 78-79 जगहों पर संवाद और समझा-बुझाकर कामगारों को शांत किया गया और मजदूरों को हटाया गया. रविवार तक विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चला. लेकिन सोमवार को कुछ समूहों ने माहौल बिगाड़ने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप, सोशल मीडिया ग्रुप का इस्तेमाल किया. इनकी पहचान की जा रही है. मंगलवार को फैक्ट्रियां बंद होने और स्कूल-कॉलेज की पढ़ाई पर असर होने के सवाल पर कमिश्नर ने कहा, आज अंबेडकर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित है, बाकी सभी जगहों पर तीन शिफ्ट में काम हो रहा है. बुधवार 15 अप्रैल को स्कूल-कॉलेज में सामान्य पढ़ाई सुनिश्चित की जाएगी.
7 एफआईआर, 300 हिरासत में
लक्ष्मी सिंह ने कहा, सोमवार को तोड़फोड़ के मामले में 7 एफआईआर दर्ज की गई हैं.300 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है. इसमें कुछ इनफ्लुएंसर शामिल हैं. संवेदनशील जगहों पर पीएसी, आरएएफ और सिविल पुलिस लगाकर इसे 36 सेक्टर में बांटा गया है. संवेदनशील हॉटस्पॉट पर पिकेट तैनात है. आज कंट्रोल रूम में कोई पैनिक कॉल दर्ज नहीं की गई. मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है. अफवाह फैलाने और भड़काने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा.
ये भी पढ़ें - नोएडा हिंसा: 'जल्दी आना, मिर्च पाउडर लाना', नोएडा में भीड़ को उकसाने वाले ऑडियो और चैट आया सामने
नोएडा डीएम मेधा रूपम ने क्या कहा
नोएडा डीएम मेधा रूपम ने बताया कि श्रमिकों की मांगें मान ली गई हैं. इसमें वेतन बढ़ोतरी, साप्ताहिक छुट्टी, ओवरटाइम कराने पर दोगुनी सैलरी, 10 तारीख से पहले एकमुश्त वेतन देने जैसी बातें शामिल हैं. हर जगहों पर यौन उत्पीड़न संबंधी समिति के गठन का निर्देश दिया गया है. शिकायत के लिए श्रमिकों को उचित मंच मिलेगा. प्रशासन श्रमिकों को काम की सभी सुविधाएं देने के लिए गंभीर है.
Noida Workers Protest
मुख्य सचिव दीपक कुमार ने दिया भरोसा
उत्तर प्रदेश मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा कि अब हालात सामान्य हैं.कामगारों की मांगें सुनने और उन पर अनुपालन के लिए हाईलेवल कमेटी आई थी. कंपनियों की चुनौतियां और श्रमिकों की मांगों को ध्यान से सुना गया है. श्रमिकों के हित में वेतन वृद्धि समेत जो भी घोषणाएं की गई हैं, उन्हें लागू कराया जाएगा. 18 हजार दिखाकर 11 हजार रुपये की सैलरी देने के मुद्दे पर दीपक कुमार ने कहा कि किसी की ऐसी शिकायत है तो वो प्रशासन से संपर्क कर सकता है.














