नीट छात्रा ने लगाया था रेप का आरोप, अब सामने आया शादी का वीडियो, साथ मुस्कुराते दिख रहे पीड़िता और आरोपी 

महोबा में नीट छात्रा के अपहरण और रेप आरोप मामले में नया मोड़ आया है. आरोपी युवक के साथ शादी का वीडियो वायरल होने से केस उलझ गया है. वीडियो में छात्रा अपनी मर्जी से विवाह करती दिख रही है और हाईकोर्ट से सुरक्षा भी मांगी है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Mahoba NEET Girl Case Twist: महोबा में लापता नीट छात्रा के मामले ने अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है. जिस छात्रा ने बरामद होने के बाद युवक पर अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाए थे, अब उसी युवक के साथ उसके शादी का वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में दोनों हंसते-मुस्कुराते नजर आ रहे हैं, जिससे पूरे मामले की दिशा ही बदल गई है और पुलिस के लिए जांच चुनौती बन गई है.

दरअसल, महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र से 30 अप्रैल को रहस्यमय तरीके से गायब हुई नीट छात्रा का मामला शुरू से ही चर्चाओं में था. मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली इस नीट छात्रा के मिलने के बाद उसने एक युवक पर किडनैपिंग और दुष्कर्म का आरोप लगाया था. लेकिन अब जो वीडियो सामने आया है, उसने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

वायरल वीडियो ने बदली पूरी कहानी

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में छात्रा और आरोपी युवक मोहित शादी करते हुए दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो प्रयागराज का है. विवाह की रस्मों के दौरान दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाते और हंसते-बात करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में माहौल सामान्य दिख रहा है और किसी दबाव के संकेत नजर नहीं आते.

पंडित के सवाल पर छात्रा का जवाब

वीडियो में एक खास पल तब सामने आता है, जब शादी करवा रहे पंडित दोनों से पूछते हैं कि कहीं कोई दबाव या किडनैपिंग तो नहीं है. इस पर छात्रा साफ तौर पर मना करती है और कहती है कि वह अपनी मर्जी से शादी कर रही है. वह यह भी कहती है कि परिवार इसके लिए राजी नहीं था, इसलिए उसने यह कदम उठाया.

Advertisement

मैरिज सर्टिफिकेट भी आया सामने

केवल वीडियो ही नहीं, बल्कि दोनों की शादी का एक कथित मैरिज सर्टिफिकेट भी सामने आया है, जिस पर छात्रा और आरोपी युवक के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं. इससे मामला और ज्यादा उलझ गया है और पुलिस के सामने सच्चाई तक पहुंचना और मुश्किल हो गया है.

बयान बदलने से बढ़ा संदेह

पुलिस के मुताबिक, 16 मई को जब छात्रा को बरामद किया गया था, तब उसने युवक के साथ रहने की बात कही थी. लेकिन जैसे ही वह अपने परिवार के संपर्क में आई, उसने अपना बयान बदल दिया और युवक व उसके साथियों पर अपहरण और रेप का केस दर्ज करा दिया. इस विरोधाभास ने जांच को और जटिल बना दिया है.

Advertisement

हाईकोर्ट से मांगी सुरक्षा

इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि छात्रा और युवक ने हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल कर सुरक्षा की मांग की है. उनका कहना है कि दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से विवाह किया है. ऐसे में उन्हें परिवार और अन्य लोगों से खतरा है.

पुलिस के सामने जांच की बड़ी चुनौती

महोबा पुलिस अब इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. एक तरफ छात्रा के गंभीर आरोप हैं, तो दूसरी ओर शादी का वीडियो, मैरिज सर्टिफिकेट और हाईकोर्ट का आदेश भी है. पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है.

अधिकारियों ने क्या कहा

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि छात्रा की मां की शिकायत पर अपहरण का केस दर्ज किया गया था. जांच के बाद छात्रा को बरामद कर अदालत में पेश किया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया. साथ ही, तीन नामजद आरोपियों को जेल भेजा गया है. उन्होंने कहा कि मामले में नए तथ्य सामने आए हैं और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Featured Video Of The Day
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर क्या बोले आलोक कुमार कि आगबबूला हो गए राजकुमार भाटी?
Topics mentioned in this article
NEET Student Marriage Video Viral
Mahoba NEET Girl Case
Prayagraj Marriage Video Controversy
Kidnapping Rape Case Twist India
NEET Student Case News