यूपी में विशेष आयुष्मान कार्ड अभियान! इस तारीख तक आसानी से बनवाएं, जान लें जरूरी डिटेल

यूपी में 14 अगस्त 2026 तक आयुष्मान कार्ड विशेष अभियान चल रहा है. डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने पात्र लोगों, खासकर 70 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों से कार्ड बनवाकर 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज का लाभ लेने की अपील की.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
यूपी में विशेष आयुष्मान कार्ड अभियान
Photo Credit: NDTV

उत्तर प्रदेश सरकार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चला रही है. राज्य के उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि 15 मई से 14 अगस्त 2026 तक आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान पात्र लाभार्थी अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर या कैंप में जाकर आसानी से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं.

बृजेश पाठक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं में से एक है, जिसके जरिए पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक के फ्री इलाज की सुविधा मिलती है. उन्होंने लोगों से इस योजना का लाभ उठाने और समय रहते कार्ड बनवाने की अपील की. 

बुजुर्गों को विशेष लाभ

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 70 साल से ज्यादा उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड की सुविधा उपलब्ध है. ऐसे बुजुर्ग अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में जाकर जरूरी डॉक्युमेंट्स के साथ कार्ड बनवा सकते हैं. इससे उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होगी.

Advertisement

गांव-गांव लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविर

राज्य सरकार की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिलों, ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं. इन शिविरों में पात्र लोगों की पहचान कर उनका रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है और मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा लोगों को योजना से जोड़ा जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित न रहने दिया जाए.

क्या है आयुष्मान भारत योजना?

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना है. इसके तहत सूचीबद्ध सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में पात्र लाभार्थियों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है. योजना का मकसद गरीब और जरूरतमंद परिवारों को महंगे इलाज के आर्थिक बोझ से राहत देना है.

Advertisement

लोगों से की गई विशेष अपील

बृजेश पाठक ने कहा कि इस सामाजिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के पात्र सदस्यों का आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और जरूरत पड़ने पर मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठाएं. सरकार का मानना है कि यह अभियान प्रदेश में स्वास्थ्य सुरक्षा कवरेज को और मजबूत करेगा तथा लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में मदद करेगा.

Featured Video Of The Day
कल्याण बनर्जी का ममता बनर्जी को अल्टीमेटम, अभिषेक बनर्जी पर फूटा गुस्सा
Topics mentioned in this article
Ayushman Card
Utility News