नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले दिन यानी 15 जून से ही कई तरह के ट्रांसपोर्ट विकल्प मिलेंगे. यहां से लोग आसानी से इंटरसिटी बस, एयरपोर्ट टैक्सी और ऐप बेस्ड कैब सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे. एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तैयारी कर ली है और कई ट्रांसपोर्ट कंपनियों और रोड ट्रांसपोर्ट विभागों के साथ समझौते भी किए हैं. यात्रियों को एयरपोर्ट से ही सीधे Uber, Ola और Rapido जैसी ऐप-आधारित कैब मिल जाएगी. इसके अलावा, महिंद्रा लॉजिस्टिक्स प्रीमियम इलेक्ट्रिक कैब सेवा भी शुरू करेगी, जिसमें बिजनेस और प्रीमियम यात्रियों के लिए ड्राइवर वाली गाड़ियां उपलब्ध होंगी.
हरियाणा-उत्तराखंड तक मिलेगी बस
यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एयरपोर्ट को अलग-अलग शहरों से जोड़ने के लिए कई बस सेवाएं शुरू की जाएगी. उत्तराखंड रोडवेज की बसें देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और हल्द्वानी तक चलेगा. वहीं, हरियाणा रोडवेज चंडीगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल तक सीधी कनेक्टिविटी देगा.
दिल्ली के लिए भी बस
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसें कश्मीरी गेट, सराय काले खां, आनंद विहार ISBT और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक जाएगी. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (UPSRTC) के साथ भी समझौता हो चुका है और जल्द ही यूपी के कई शहरों से सीधी बस सेवा शुरू होगी.
यह भी पढ़ें:- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की बड़ी पहल, अब सड़क पर ही भर सकेंगे चालान, नई हाईटेक ई-चालान मशीनें शुरू
इन जगहों से मिलेगी शटल बस सेवा
इसके अलावा, NCR के अलग-अलग इलाकों जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, गाजियाबाद और अक्षरधाम से एयरपोर्ट तक शटल बस सेवा भी चलेगी, ताकि यात्रियों को आने-जाने में आसानी हो.
सुबह 8 से रात 8 बजे तक चलेंगी बसें
शुरुआत में बसें सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलेंगी, जिन्हें यात्रियों की संख्या के हिसाब से आगे बढ़ाया जा सकता है. एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि यात्रियों को पहले ही दिन से बिना परेशानी यात्रा करने की सुविधा देने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.











