LPG Booking: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और तेल-गैस सप्लाई पर पड़े असर के कारण देश के कई हिस्सों में LPG सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हो रही है. कई लोगों को गैस सिलेंडर बुक करने में दिक्कत आ रही है, बुकिंग में देरी हो रही है और कुछ जगहों पर लंबी वेटिंग भी देखने को मिल रही है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. दरअसल, जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को परेशानी से बचाने के लिए कुछ आसान विकल्प बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
यह भी पढ़ें- PM Kisan Yojana LIVE: आज आपके खाते में पीएम किसान योजना के 2000 रुपये आएंगे या नहीं, ऐसे करें चेक
कैसे बुक करें गैस सिलेंडर?
इसे लेकर गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) की जिलाधिकारी ने अपने आधिकारिक एक्स (पहले ट्विटर) सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी दी है. उन्होंने बताया, अगर किसी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर बुकिंग में समस्या आ रही है, तो वह गैस कंपनियों के स्मार्ट बुकिंग ऑप्शन्स का इस्तेमाल कर सकते हैं.
क्या करें?व्हाट्सएप से बुक करें
सबसे आसान तरीका व्हाट्सएप बुकिंग का है. उपभोक्ता अपने मोबाइल से 7588888824 नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज भेजकर गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं. इस सुविधा में आपको ज्यादा समय नहीं लगेगा और घर बैठे ही बुकिंग की जानकारी भी मिल जाएगी.
दूसरा तरीका मिस्ड कॉल बुकिंग का है. इसके लिए आपको सिर्फ 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देना होगा. मिस्ड कॉल देने के बाद आपकी बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो जाती है और आगे की जानकारी आपको मैसेज के जरिए मिल जाती है. जिन लोगों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए यह तरीका काफी फायदेमंद हो सकता है.
ऑनलाइन पोर्टल से बुक करेंइसके अलावा उपभोक्ता ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी गैस बुक कर सकते हैं. इसके लिए [https://cx.indianoil.in](https://cx.indianoil.in) वेबसाइट पर जाकर लॉग-इन करना होता है. यहां आप अपनी गैस कनेक्शन से जुड़ी जानकारी देख सकते हैं और सिलेंडर बुकिंग भी कर सकते हैं. ऑनलाइन बुकिंग का फायदा यह है कि आपको बुकिंग स्टेटस और डिलीवरी से जुड़ी जानकारी भी मिलती रहती है.
प्रशासन का कहना है कि इन डिजिटल सुविधाओं के इस्तेमाल से एजेंसी पर जाने की जरूरत कम पड़ती है और बुकिंग प्रक्रिया भी तेज हो जाती है. खासकर मौजूदा स्थिति में जब गैस की मांग ज्यादा है, तब इन विकल्पों से लोगों को काफी राहत मिल सकती है.
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि घबराने की जरूरत नहीं है. अगर गैस सिलेंडर बुकिंग में परेशानी आ रही है तो ऊपर बताए गए तरीकों का इस्तेमाल करें. इससे आपकी बुकिंग आसानी से हो जाएगी और आपको एजेंसी के चक्कर भी नहीं लगाने पड़ेंगे.














