देश में एलपीजी गैस की कमी और लंबी लाइनों की परेशानी के बीच एक नई तकनीक लोगों के लिए राहत बनकर सामने आई है. बता दें कि अब आपको गैस लेने के लिए घंटों इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए गुरुग्राम के सेंट्रल प्लाजा के फ्लावर वैली में 'एलपीजी एटीएम' (LPG ATM) की सुविधा शुरू हो चुकी है. यहां आपको ATM से LPG मिल सकती है. आइए जानते हैं यह आधुनिक मशीन किस तरह काम करती है और आप किस तरह इससे गैस पा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- SBI YONO बंद होने का डर दिखाकर ठगी! PIB ने खोली फर्जी मैसेज की पोल
ATM से मिल रही LPG
गुरुग्राम के फ्लावर वैली इलाके में एक खास तरह की मशीन लगाई गई है. यह आधुनिक मशीन एटीएम की तरह काम करती है. एटीएम मशीन में जहां आप कार्ड लगाकर एटीएम पिन डालते हैं और फिर आपको पैसे मिल जाते हैं, उसी तरह एक आसान प्रोसेस को फॉलो कर आप इस एलपीजी एटीएम से खुद अपने गैस सिलेंडर में गैस भर सकते हैं.
कैसे मिलेगी गैस?मशीन का उपयोग करना बहुत आसान है. इसके लिए-
- सबसे पहले उपभोक्ता को मशीन में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होता है.
- इसके बाद एक ओटीपी आता है, जिसे डालने पर उपभोक्ता की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देती है.
- अब, आपको गैस के लिए पेमेंट करनी होगी.
- पेमेंट के बाद आपको अपना खाली सिलेंडर मशीन के पास रखी वजन नापने की मशीन पर रखना होगा.
- खाली गैस सिलिंडर का भार नापने के बाद मशीन से जुड़े पाइप के जरिए सिलेंडर में गैस भरी जाती है.
- इस पूरी प्रक्रिया में 5 मिनट से भी कम समय लगता है. यानी आपको बिना लंबी कतार में लगे बड़ी ही आसानी से गैस मिल जाती है.
हालांकि, यह सुविधा केवल उन्हीं लोगों के लिए उपलब्ध है जिनके पास वैध गैस कनेक्शन है. साथ ही, यह मशीन घरेलू 14 किलो वाले सिलेंडर के लिए नहीं है. इसके लिए अलग से 10 किलो का सिलेंडर लेना होता है.
इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह 24 घंटे उपलब्ध रहती है. यानी रात हो या दिन, जब भी गैस खत्म हो जाए, आप तुरंत जाकर सिलेंडर भरवा सकते हैं. इससे लंबी कतारों और समय की बर्बादी से बचा जा सकता है. साथ ही, इस सिस्टम में पारदर्शिता होने के कारण कालाबाजारी की संभावना भी कम हो जाती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सुविधा से उनकी चिंता काफी कम हो गई है. खासकर मौजूदा हालात में, जब गैस की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, यह मशीन काफी मददगार साबित हो रही है.
कुल मिलाकर, एलपीजी एटीएम एक आधुनिक और उपयोगी पहल है, जो भविष्य में गैस वितरण की व्यवस्था को पूरी तरह बदल सकती है.














