Dak Sewa App: आज के समय में लोग हर काम जल्दी और आसान तरीके से करना चाहते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय डाक विभाग ने 'डाक सेवा ऐप' लॉन्च किया है. इस ऐप की मदद से अब डाकघर की कई जरूरी सेवाएं आपको अपने मोबाइल पर ही मिल जाएंगी. यानी अब आपको डाक से जुड़े छोटे-छोटे कामों के लिए डाकघर जाकर लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. डाक सेवा ऐप के जरिए आप घर बैठे ही कई काम आसानी से कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जाम का अलर्ट, Delhi Traffic Police ने जारी की एडवाइजरी, इस समय जाने से बचें
भारतीय डाक ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) के जरिए भी इस ऐप की जानकारी दी है और बताया है कि इसका मकसद सेवाओं को आसान, तेज और स्मार्ट बनाना है. यह ऐप एंड्रॉयड और iOS दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसका फायदा उठा सकें. साथ ही यह 23 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है.
ऐप से क्या-क्या कर सकते हैं?
अगर ऐप की सुविधाओं की बात करें, तो इसमें सबसे उपयोगी फीचर है पार्सल ट्रैकिंग. आप अपने पार्सल या स्पीड पोस्ट की पूरी जानकारी मोबाइल पर ही देख सकते हैं. इसके अलावा-
- आप स्पीड पोस्ट की बुकिंग भी सीधे ऐप से कर सकते हैं, जिससे समय की काफी बचत होती है.
- इस ऐप में ई-रसीद (E-Receipt) की सुविधा भी दी गई है, जिससे हर लेन-देन का डिजिटल रिकॉर्ड आपके पास सुरक्षित रहता है.
- साथ ही, आप अपने आसपास के नजदीकी डाकघर की जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
- एक और खास सुविधा है पोस्टेज कैलकुलेशन. इससे आप पहले ही जान सकते हैं कि किसी पत्र या पार्सल को भेजने में कितना खर्च आएगा.
- इसके अलावा, अगर आपने डाकघर की किसी बचत योजना में निवेश किया है, तो ऐप पर ब्याज (इंटरेस्ट) की जानकारी भी देख सकते हैं.
- डिजिटल जमाने को ध्यान में रखते हुए इस ऐप में UPI और QR कोड के जरिए पेमेंट करने की सुविधा भी दी गई है, जिससे भुगतान करना आसान और सुरक्षित हो जाता है.
अगर आप इस ऐप को डाउनलोड करना चाहते हैं, तो एंड्रॉयड यूजर्स इसे गूगल प्ले स्टोर से और आईफोन यूजर्स एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं. डाउनलोड करने के बाद अपने मोबाइल नंबर से लॉग इन करें. इतना करते ही आपको होम स्क्रीन पर सभी सेवाएं मिल जाएंगी.














