10 जून से ग्रेटर नोएडा में दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, जानें क्या होगा रूट और कितना होगा किराया

ग्रेटर नोएडा में 10 जून से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है. 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री सेवाएं शुरू होने वाली हैं, इसी को देखते हुए शहर में बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
ग्रेटर नोएडा में चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें

ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए अच्छी खबर है. शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने के लिए 10 जून से इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है. पहले चरण में 12 एसी इलेक्ट्रिक बसों को अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा. इससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को निजी वाहनों, ऑटो और टैक्सी पर कम निर्भर रहना पड़ेगा.

शहर में यात्रा होगी आसान

गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा तेजी से विकसित हो रहा शहर है, लेकिन यहां अभी भी सार्वजनिक परिवहन की सुविधाएं सीमित हैं. मेट्रो केवल कुछ इलाकों तक ही पहुंचती है. ऐसे में रोजाना नौकरी, पढ़ाई या अन्य कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को निजी वाहन, ऑटो या टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है. इसी समस्या को देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. 

इसके अलावा 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री सेवाएं शुरू होने वाली हैं. इसे देखते हुए भी शहर में बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की जा रही है. राज्य सरकार ने कुल 110 इलेक्ट्रिक बसें शुरू करने की योजना बनाई है. पहले चरण में 35 बसें चलाई जाएंगी, जिनमें से 12 बसें ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में संचालित होंगी.

कितना होगा इन बसों का किराया?

सबसे अच्छी बात यह है कि बसों का किराया आम लोगों को ध्यान में रखकर तय किया जाएगा. माना जा रहा है कि एसी बसों का किराया 10 रुपये से शुरू होकर अधिकतम 30 रुपये होगा. अंतिम किराया और रूट जल्द घोषित किए जाएंगे. इसके साथ ही बसों की फ्रीक्वेंसी पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार न करना पड़े.

Advertisement
किन रास्तों से चलेंगी बसें?

नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए पहले से चार प्रमुख रूट तय किए गए हैं. इनमें ग्रेटर नोएडा वेस्ट का चार मूर्ति चौक, सूरजपुर घंटा चौक, परी चौक, जिम्स, मकौड़ा गोलचक्कर, नासा पार्किंग, सेक्टर पी-7, औद्योगिक सेक्टर-16, तिलपता गोलचक्कर, स्वर्णनगरी, यथार्थ अस्पताल और गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं.

बहरहाल नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से शहर में सस्ती, आरामदायक और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा का ऑप्शन मिलेगा. खासतौर पर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा होगा. आने वाले समय में बसों की संख्या और रूट बढ़ाए जाने की भी योजना है, जिससे पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें- अन्नपूर्णा भंडार योजना: आज महिलाओं के खाते में आएंगे 3,000 रुपये, जानिए किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ और नए आवेदन कैसे करें

Featured Video Of The Day
कुदरत का खौफनाक प्रहार; कहीं बहे घर तो कहीं सड़कों पर सैलाब, डराने वाली तस्वीरें
Topics mentioned in this article