Aadhaar Card Update: आधार कार्ड आज के समय में हर भारतीय नागरिक के लिए सबसे अहम पहचान दस्तावेज बन चुका है. बैंकिंग से लेकर सरकारी योजनाओं तक, लगभग हर जरूरी काम में आधार की जरूरत होती है. ऐसे में आधार से जुड़ा डेटा अगर सही और सुरक्षित न हो, तो इसका सीधा असर आम लोगों पर पड़ता है. इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने आधार सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है.
परिवार के सदस्य की मृत्यु के बाद आधार डीएक्टिवेट करना क्यों जरूरी है? जान लें इसका आसान प्रोसेस
सरकार ने अब तक करीब 2.5 करोड़ आधार कार्ड निष्क्रिय कर दिए हैं. ये सभी आधार नंबर उन लोगों के नाम पर थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी है. इस जानकारी को केंद्रीय आईटी मंत्री जितिन प्रसाद ने शेयर किया है. उन्होंने बताया कि देश में इस समय लगभग 134 करोड़ आधार धारक हैं और सरकार की प्राथमिकता है कि हर आधार रिकॉर्ड सही, अपडेटेड और भरोसेमंद हो.
क्यों डिएक्टिवेट किए गए आधार कार्ड?
दरअसल, कई बार मृत व्यक्तियों के आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल कर सरकारी योजनाओं, पेंशन, सब्सिडी या अन्य लाभ उठाने की कोशिश की जाती है. इसी समस्या को खत्म करने के लिए सरकार ने देशभर में आधार डेटा की सफाई का अभियान चलाया है. इसके तहत ऐसे आधार कार्ड को बंद किया जा रहा है, जिनका अब कोई वैध उपयोग नहीं रह गया है.
इस फैसले से आम नागरिकों को कई फायदे होंगे. सबसे बड़ा फायदा यह है कि फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी. कोई भी व्यक्ति मृत व्यक्ति के आधार का इस्तेमाल कर सरकारी योजनाओं का गलत लाभ नहीं उठा पाएगा. इसके अलावा आधार से जुड़ा डेटा ज्यादा सटीक होगा, जिससे बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सेवाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित बनेंगी. लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा कि उनका पहचान पत्र सुरक्षित हाथों में है.
अब, सवाल यह है कि कहीं आपका आधार कार्ड तो गलती से डीएक्टिवेट नहीं हो गया? आप घर बैठे आसानी से अपने आधार का स्टेटस चेक कर सकते हैं. इसके लिए-
- UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जाएं.
- यहां 'Aadhaar Status' या 'Aadhaar Verification' का ऑप्शन मिलेगा. इस पर क्लिक करने के बाद अपना आधार नंबर और जरूरी जानकारी भरें.
- कुछ ही सेकंड में स्क्रीन पर आपको यह जानकारी मिल जाएगी कि आपका आधार कार्ड एक्टिव है या नहीं.
इस तरह आप अपने आधार कार्ड से जुड़ी जानकारी पा सकते हैं.













