Chardham Yatra 2026 Helicopter Service: उत्तराखंड की चार धाम यात्रा को लेकर लगभग तैयारी पूरी हो चुकी है. 19 अप्रैल से उत्तराखंड की चार धाम यात्रा शुरू हो जाएगी. सबसे पहले गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को खोले जाएंगे इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे और 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट को ले जाएंगे. चार धाम यात्रा के लिए 7 मार्च से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन खोले गए थे जिसमें अब तक 17 लाख 28 हजार 148 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिया है. वहीं 15 अप्रैल से केदारनाथ हेली सेवा के टिकट भी खोले गए थे जिसमें 31607 टिकट पूरे बुक हो चुके हैं यह हेलीकॉप्टर पहले फेस के लिए बुक हुए हैं .
यह भी पढ़ें: LPG, PNG या इंडक्शन नहीं... अब सूरज की रोशनी से बना सकेंगे खाना, Indian Oil लाया नई तकनीक, जानिए क्या है Surya Nutan
1 घंटे में सभी टिकट हुए फुल
केदारनाथ धाम के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहता है. चाहे सड़क मार्ग से हो या पैदल मार्ग से या फिर हवाई मार्ग से श्रद्धालुओं की संख्या साल दर साल काफी बढ़ती जा रही है. केदारनाथ धाम की हेली सेवा टिकट के लिए श्रद्धालु लंबे समय से इंतजार कर रहे थे. श्रद्धालु का उत्साह इसी बात से लगाया जा सकता है कि जैसे ही 15 अप्रैल शाम को 6:00 बजे IRCTC का पोर्टल खुला हेली सेवा टिकट के लिए तो मात्र 1 घंटे में ही सभी टिकट फुल हो गए.
केदारनाथ धाम की हेली सेवा के लिए भी उत्साह
केदारनाथ धाम की हेली सेवा टिकट बुकिंग को लेकर श्रद्धालुओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है. अब तक कुल 31,607 हेली टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं. पहले चरण में श्रद्धालुओं को 22 अप्रैल से 15 जून तक की यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने का अवसर दिया गया था. जैसे ही IRCTC का पोर्टल शाम 6 बजे हेली टिकट बुकिंग के लिए खुला, महज एक घंटे के भीतर 15 जून तक के सभी स्लॉट फुल हो गए. टिकटों की इतनी तेज बुकिंग से साफ है कि केदारनाथ धाम जाने को लेकर श्रद्धालुओं में कितना उत्साह है. वहीं, जो यात्री पहले चरण में टिकट नहीं ले पाए हैं, उनके लिए राहत की खबर है. दूसरे चरण की हेली टिकट बुकिंग जून के पहले सप्ताह में शुरू की जाएगी, जिसकी जानकारी जल्द आधिकारिक तौर पर जारी की जाएगी.
वहीं, केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, सिरसी, फाटा से हेली सेवा संचालित होती है. इस बार गुप्तकाशी से ट्रांस भारत, चिप्सन एविएशन, फाटा से यूनाइटेड हेली चार्टर्ड, रजस एयरोपोर्ट, पिलिग्रेमेज एविएशन और सिरसी से एरो एयरक्राफ्ट, हिमालयन हेली के माध्यम से शटल सेवा संचालित की जाएगी.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उत्तराखंड की चार धाम यात्रा में फिलहाल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. उत्तराखंड पुलिस के लगभग 7 हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. ऐसे में अब केंद्र भी चार धाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए 15 पैरामिलिट्री फोर्स की कंपनियां देने जा रहा है.














