Pending Challan Message Scam: अगर आपके मोबाइल पर भी पेंडिंग ट्रैफिक चालान (Traffic Challan) का कोई मैसेज आया है, जिसमें बकाया राशि भरने के लिए किसी लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है, तो रुक जाइए. यह आपके लिए एक खतरनाक स्कैम हो सकता है. साइबर ठगों ने मासूम लोगों को ठगने का नया तरीका निकाला है. इसी को देखते हुए प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने एक फैक्ट चेक जारी कर सच्चाई बताई है और लोगों को आगाह किया है कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने की गलती न करें.
यह भी पढ़ें: Census 2027: UP में कल से शुरू होगी 'स्व गणना', घर बैठे खुद कैसे भरें जनगणना फॉर्म? जानें स्टेप-बाय-स्टेप तरीका
कैसे होता है स्कैम?
आजकल के डिजिटल दौर में स्कैमर्स लोगों को ठगने का नया-नया तरीका निकाल रहे हैं. साइबर ठग मासूम लोगों को व्हाट्सऐप और SMS के जरिए RTO के फर्जी चालान मैसेज भेजते हैं. ये मैसेज एकदम असली मैसेज की तरह दिखते हैं, जिसके कारण मासूम लोग असली-नकली में अंतर नहीं कर पाते हैं. इन मैसेज में लिंक, .apk फाइल्स और पीडीएफ होती हैं. इन लिंक्स पर क्लिक करते ही आपके फोन का एक्सेस स्कैमर्स के पास जा सकता है. साथ ही इससे बैंक अकाउंट खाली होने का खतरा भी हो सकता है.
कैसे रहें सेफ?
- इस स्कैम से बचने के लिए कभी भी किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें.
- अगर आपके वाहन पर कोई चालान है तो आधिकारिक वेबसाइट echallan.parivahan.gov.in पर वेरिफाई करें.
- ऐप्स को केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें.
स्कैम हो जाए तो क्या करें?
अगर आपके साथ या आपके परिचित के साथ किसी तरह का साइबर स्कैम हो जाता है तो उसकी शिकायत नजदीकी पुलिस स्टेशन/ साइबर पुलिस स्टेशन/ नेशनल क्राईम रिर्पोटिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज कराएं. इसके अलावा आप हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर भी रिपोर्ट कर सकते हैं.














