टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले का सुसाइड केस अभी तक कई परतों में छिपा है. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला. अभी शुरुआती जांच में आत्महत्या जैसा कदम उठाने की वजह सामने नहीं आई है. वहीं उनके भाई का दावा है कि संचिता स्ट्रेस में थीं और कास्टिंग से जुड़े लोगों के वजह से वह परेशान थीं. उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस समेत तमाम लोगों से अपील की कि इस मामले का संज्ञान लें और इसकी जांच करें. इस मामले में All Indian Cine Workers Association (AICWA) भी उनके साथ आया है. NDTV ने AICWA के प्रेजिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता से खास बातचीत की और इस बारे में जानकारी ली. उन्होंने बताया कि आज वे इस मामले में चिट्ठी लिखने वाले हैं.
सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा, ये हादसे फिल्म इंडस्ट्री में पहली बार नहीं हो रहे हैं. ऐसे कई हादसे होते जा रहे हैं. आत्महत्या के मामले सामने आते हैं, लेकिन पुलिस इन्वेस्टिगेशन होती है और लोगों के दिमाग में यह बात डाल दी जाती है कि वह डिप्रेशन में थी, इसलिए उसने आत्महत्या कर ली और फिर फाइल को क्लोज कर दिया जाता है. लेकिन आत्महत्या की आड़ में बहुत कुछ हो सकता है. जैसे तुनिशा शर्मा का सुसाइड केस था. शूटिंग के दौरान उन्होंने एक मेकअप रूम में खुद को बंद कर लिया था और फिर आत्महत्या कर ली थी. इतने सालों से यह सब होता आ रहा है और आत्महत्याओं के मामले बढ़ते जा रहे हैं.

उन्होंने कहा, यह बहुत गंभीर मामला है. सिर्फ बॉलीवुड में ही नहीं, बल्कि दूसरी इंडस्ट्रीज में भी हर साल आत्महत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं. लेकिन इस पर सरकार कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाती है. फाइल क्लोज हो जाती है और कभी सामने नहीं आता कि आखिर दोषी कौन है.
यह भी पढ़ें: संचिता उगले की मौत के बाद इंस्टा पर खूब ट्रोल हुए थे कोस्टार सोरब बेदी, नेटिजन्स को उनके चेहरे पर दिखी थी हंसी
"मैंने तो अभी तक नहीं देखा है कि किसी आत्महत्या के मामले में कोई भी दोषी सामने आ पाया हो. हर बार वही बात कही जाती है कि वह डिप्रेशन में थी, उसे काम नहीं मिल रहा था, इसलिए उसने आत्महत्या कर ली. ये लोग सेलेब्रिटी हैं, इनके लाखों फॉलोअर्स हैं, इनके इतने फैंस हैं. इन्होंने पहले ही अपनी जिंदगी में बहुत संघर्ष देखा है और संघर्ष करके आगे बढ़े हैं. ऐसे में सिर्फ डिप्रेशन में आकर आत्महत्या कर ली, यह बात किसी को मानने योग्य नहीं लगती."

Photo Credit: Sanchita ugale
"संचिता के मामले में भी यही हुआ. इतनी कम उम्र में वह अपने सारे सपने छोड़कर चली गई. इसके पीछे कोई और कारण भी हो सकता है. उसी जांच के लिए, ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष होने के नाते, हमने महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis से मांग की है. आज हम उन्हें एक पत्र लिख रहे हैं, जिसमें हम अनुरोध कर रहे हैं कि इस मामले की विशेष जांच कराई जाए."
"काफी समय से हम देख रहे हैं कि जांच का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आ रहा है. इसलिए आज हम एक पत्र लिख रहे हैं और उसमें मांग कर रहे हैं कि इस मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया जाए. हर जीवन अनमोल है. पिछले कुछ समय से हम देख रहे हैं कि जांच उस स्तर तक पहुंच ही नहीं पा रही है, जहां सच्चाई सामने आ सके. इसलिए हम फिर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिख रहे हैं कि इस मामले में विशेष जांच कराई जाए, ताकि संचिता को इंसाफ मिले और उसके परिवार को भी इंसाफ मिल सके."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं