कपिल शर्मा के शो में जाओ तो हंसी रोक पाना एक चैलेंज ही बन जाता है. नेटफ्लिक्स पर आ रहे कपिल शर्मा के शो पर इस बार रानी मुखर्जी बतौर मेहमान पहुंची. वो गई तो मर्दानी जैसी संजीदा फिल्म के प्रमोशन के लिए थीं. लेकिन खुद भी हंसने से खुद को नहीं रोक पाईं. शो से जुड़ा एक प्रोमो खुद नेटफ्लिक्स ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. जिसमें सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा दिग्गज एक्टर्स की मिमिक्री करते दिख रहे हैं. लेकिन सबके पंच में एक खास बात थी जो कपिल ने पकड़ ली. जिसके बाद पूरे स्टेज पर हंसी के फव्वारे छूटते नजर आए.
एक्टर्स की मिमिक्री करते दिखे आर्टिस्ट
कपिल शर्मा के शो में अक्सर आपने देखा होगा कि सुनील ग्रोवर अलग अलग स्टार्स की मिमिक्री करते हैं. इस बार रानी मुखर्जी के सामने वो आमिर खान और सलमान खान दोनों के गेटअप में आए और उनकी मिमिक्री भी करते दिखे. उनके अलावा कृष्णा अभिषेक भी दो बड़े स्टार्स की मिमिक्री करते नजर आए. वो एक बार शाहरुख खान बने दिखाई दिए. और, उसके बाद वो अपने मामा गोविंदा की मिमिक्री भी करते नजर आए. सबके अंदाज पर रानी मुखर्जी खुलकर हंसती नजर आईं.
कपिल ने पकड़ी चोरी
इसमें कोई दो राय नहीं कि हर एक्टर ने मिमिक्री करते करते एक्ट को भी मजेदार बनाया. और, अपना टैलेंट भी दिखाया. लेकिन एक बात सबके एक्ट में कॉमन थी. जिसे जानने के बाद वहां मौजूद सभी लोग हंस हंस के लोटपोट हो गए. जिन एक्टर्स की मिमिक्री हो रही थी. उन सबका एक डायलोग बेहद कॉमन था. वो डायलोग ये था कि वो अपनी जेब में हमेशा ताश की गड्डी में मौजूद रानी रख कर चलते हैं. यानी कि बेगम का पत्ता रख कर चलते हैं. जिसे सुनने के बाद कपिल शर्मा कहते हैं कि आप सबकी चोरी पकड़ी गई क्योंकि स्क्रिप्ट राइटर ने सभी को एक ही लाइन दे दी है. वैसे तो ये बात उस एक्ट का ही हिस्सा थी. लेकिन ये रियलाइज होते ही दर्शक भी हंसे बिना नहीं रह पाते.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं