विज्ञापन

सैराब में दिखाई जा रही प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस  की लव स्टोरी? मदिराक्षी मुंडले ने कहा- मैं उनकी कहानी नहीं जानती

सिया के राम फेम एक्ट्रेस मदिराक्षी मुंडले ने सैराब की तुलना प्रियंका चोपड़ा से कहा-  वैसे तो मैं उनकी कहानी से कुछ विशेष परिचित नहीं हूं.

सैराब में दिखाई जा रही प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस  की लव स्टोरी? मदिराक्षी मुंडले ने कहा- मैं उनकी कहानी नहीं जानती
सैराब में लीड रोल में हैं मदिराक्षी मुडले
नई दिल्ली:

स्टार प्लस का नया शो सैराब इन दिनों चर्चा में है, जिसमें एक्ट्रेस मदिराक्षी मुंडले नजर आ रही हैं. कई लोग उन्हें सिया के राम में सीता के किरादर में जानते होंगे और पसंद करते होंगे. लेकिन अब वह एक मां के रोल में सैराब सीरियल में नजर आ रही हैं, जिसकी कहानी एक पॉप स्टार और एक डॉक्टर की है. हालांकि जब से शो का पहला प्रोमो आया तब से इसकी तुलना बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रिंयका चोपड़ा और निक जोनस की लव स्टोरी से की गई. हालांकि अब मदिराक्षी ने एनडीटीवी से इस बारे में बात की. इतना ही नहीं उन्होंने सिया के रोल में अपने माता सीता के रोल और रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म रामायणम् पर भी रिएक्शन दिया.  

सवाल- आपके शो सैराब की चर्चा इन दिनों खूब हो रही है. कहा जा रहा है कि ये प्रियंका चोपड़ा-निक जोनस की लव स्टोरी पर बेस्ड है, इस बारे में कुछ बताएं?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- वैसे तो मैं उनकी कहानी से कुछ विशेष परिचित नहीं हूं. यदि कोई समानताएं हैं तो मुझे लगता है कि ये एक संयोग हो सकता है. सैराब एक बहुत रोचक रोमांटिक लव स्टोरी है. नयनिका, जो मेरा किरदार है, और ईशान, जिसे रोहित कर रहे हैं, दो इतने अलग व्यक्तित्व हैं. बहुत समय बाद ऐसा कोई शो शायद आया है जिसे क्लासिकल लव स्टोरी कहा जा रहा है और दर्शकों की प्रतिक्रियाएं भी बहुत जोश भरी हैं.  कई लोगों के जीवन में ऐसे योग आते हैं जिनसे उन्हें पर्सनल रूप से कष्ट और दुःख होता है. संभव है ये लोग अपने जीवन में एक और मौके की चाह तो रखते हैं लेकिन शायद खुले में ये बोल नहीं पाते क्योंकि परिस्थितियां कुछ इस प्रकार की होती हैं. ऐसे में कैसे नयनिका, जो एक डॉक्टर हैं, और ईशान, जो एक रॉकस्टार हैं, एक-दूसरे के निकट आते हैं, सैराब उसी की एक संगीतमय कहानी है. 

ये भी पढ़ें- PK के सिंगर को गूगल ने दिखा दिया था मृत,  बोले- यह वीकिपीडिया के कारण हुआ  

सवाल- सैराब में आप एक बेटी की मां का किरदार निभा रही हैं, तो यह कितना मुश्किल रहा?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा-मैंने अपने पहले शो में एक स्त्री के जीवन में लगभग हर पहलू की झलक दिखाई है. मां की भी. तो मुझे ऐसा कोई भी किरदार निभाने में काफी कम्फर्ट अनुभव होता है. 

सवाल- सिया के राम टीवी का सबसे महंगे शोज में से एक था, इससे करियर को कितना फायदा हुआ?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- मैं इसे अपना सौभाग्य मानती हूं कि मुझे अपने करियर की शुरुआत में ही युग स्त्री, अन्यथा, सीता जी का किरदार निभाने का अवसर मिला. निश्चित रूप से मुझे जो ख्याति और प्रेक्षकों का स्नेह इस शो से मिला, उसकी मैं शायद ही कल्पना कर सकती थी. मैं अपने इस किरदार की आजीवन ऋणी रहूंगी, जिससे मैंने टीवी इंडस्ट्री में अपने पहले कदम रखे. 

सवाल- रामायण फिल्म भी भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है, उसमें साई पल्लवी सीता बन रही हैं, आपको उस पर क्या कहना है?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- मैंने सुना ज़रूर है कि ऐसी मूवी बन रही है लेकिन मुझे ज्यादा नहीं पता. रामायण हमारी संस्कृति से अटूट रूप से जुड़ा हुआ है और समझने वाली बात है कि इसे दर्शाने के नए प्रयास होते आए हैं और होते रहेंगे. मैं मेकर्स को और शो की कास्ट को अपनी शुभकामनाएं देना चाहूंगी. आशा करती हूं कि प्रेक्षकों की भावनाओं को लेकर ये मूवी संवेदनशीलता से बरते क्योंकि रामायण हमारी संस्कृति के हर पहलू से गहराई से और अनंत काल से जुड़ा हुआ है. 

सवाल- दूरदर्शन की सीता के रोल में अब तक दीपिका चिखलिया फेमस थीं. लेकिन एक वक्त के बाद रामायण की सीता के रोल में आपने पहचान बनाई. कोई किरदार से जुड़ा मजेदार किस्सा, जब लोगों ने आपको सच में सीता की तरह सम्मान दिया हो?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- ये बात सच है. दर्शकों के दिलों में दीपिका जी ने निभाई हुई सीता जी का किरदार एक विशिष्ट उदाहरण है. सिया के राम से मुझे लोगों से जुड़ने और उनके दिलों में एक विशेष स्थान प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिला. लेकिन शायद कभी-कभी लोग इस बात को अनदेखा कर देते हैं कि ऑफ स्क्रीन, मैं और मेरा किरदार दोनों अलग हैं. थोड़ा सा मुश्किल हो जाता है कभी-कभी जब लोग पब्लिक में मेरे पैर छूने का प्रयास करते हैं. ये बात जरूर दिल को छूती है और लोगों का मेरे प्रति अप्रतिम स्नेह को दर्शाती है. मैं इसे सदैव आशीर्वाद के रूप में स्वीकारती हूं. 

सवाल- बॉलीवुड में काम करने का मन नहीं किया?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- मुझे फिल्म में उचित रोल ऑफर हो तो मैं जरूर अनुभव लेना चाहूंगी. 

सवाल- आप दो सीरियल में सीता बन चुकी हैं, अगर आगे भी ये मौका मिलता है तो क्या ये किरदार निभाएंगी?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- मेरा मानना है कि ऐसे किरदारों को आप नहीं चुनते बल्कि ऐसे किरदार आपको चुनते हैं. मुझे नहीं पता भविष्य में क्या लिखा है लेकिन मैंने अब तक लगभग अधिकतर देवियों का किरदार निभाया है और मैं इसे अपना सौभाग्य समझती हूं.

ओटीटी के दौर में टीवी की लोकप्रियता कम हुई है, इस पर आपका क्या कहना है?

मदिराक्षी मुंडले ने कहा- ओटीटी से ज़रूर लोगों को और विकल्प मिले हैं और कई नई सोच के और नए तरीके के शोज़ भी बने हैं. लेकिन मुझे फिर भी लगता है कि एक फैमिली ऑडियंस को जोड़ने की जो ताकत टेलीविजन में है वो शायद ही किसी और माध्यम में हो. टीवी शोज को ओटीटी पर भी काफी देखा जाता है तो इस से एक बात तो स्पष्ट है कि टीवी की ऑडियंस अपने चाहिते शोज को एन्जॉय करने के लिए ओटीटी में भी अवसर ढूंढ़ ही लेती है और उसका उपयोग भी करती है. एक शो का लोकप्रिय होने के लिए फैमिली ऑडियंस का जुड़ना अति आवश्यक है, फिर वो शो चाहे टीवी से हो या किसी और माध्यम से. 

ये भी पढ़ें- रणवीर सिंह की धुरंधर 2 को जियो हॉटस्टार पर टक्कर दे रही 10 महीने पुरानी फिल्म, सिनेमाघरों में हुई थी हिट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tv News, Star Plus, Madirakshi Actress, Bollywood
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com