विज्ञापन

दूरदर्शन के 100 एपिसोड के कार्टून का बच्चों को रहता था इंतजार, जावेद जाफरी की आवाज से 90s में हुआ पॉपुलर, गाना सुनने टीवी के सामने होते थे बच्चे

90 के दशक में डकटेल्स भारत के सबसे पॉपुलर कार्टून शोज में से एक था. स्क्रूज मैकडक और उसके पोतों के रोमांचक कारनामों, शानदार हिंदी डबिंग और यादगार टाइटल ट्रैक ने इसे बच्चों की पहली पसंद बना दिया था.

दूरदर्शन के 100 एपिसोड के कार्टून का बच्चों को रहता था इंतजार, जावेद जाफरी की आवाज से 90s में हुआ पॉपुलर, गाना सुनने टीवी के सामने होते थे बच्चे
दूरदर्शन के कार्टून शो का बेसब्री से इंतजार करते थे 90s के बच्चे!
Social Media
नई दिल्ली:

90s में एक ऐसा कार्टून शो आया था, जिसने लाखों दिलों पर राज किया. इस शो का नाम था डक टेल्स (DuckTales). इसके हिंदी डब वर्जन को बच्चों ने खूब पसंद किया और यह घर-घर में मशहूर हो गया. उस समय न तो स्मार्टफोन थे और न ही ओटीटी प्लेटफॉर्म, इसलिए टेलीविजन पर आने वाले कार्यक्रम ही मनोरंजन का सबसे बड़ा साधन हुआ करते थे. ‘डक टेल्स' का प्रसारण सबसे पहले दूरदर्शन के चैनलों डीडी नेशनल और डीडी मेट्रो पर हुआ था. यह शो बाद में डिज्नी चैनल पर भी प्रसारित किया गया, जहां इसे नई जनरेशन के दर्शकों का भी प्यार मिला.

रोमांच और खजाने की खोज से भरपूर थी कहानी 

डकटेल्स की कहानी अरबपति डक स्क्रूज मैकडक और उनके तीन शरारती पोतों ह्यूई, ड्यूई और लुई के इर्द-गिर्द घूमती थी. हर एपिसोड में दर्शकों को नए रोमांच, रहस्यमयी खजानों और दिलचस्प चुनौतियों से रूबरू कराया जाता था. यही वजह थी कि बच्चे अगले एपिसोड का बेसब्री से इंतजार करते थे. यह एनिमेटेड सीरीज कुल 100 एपिसोड और 4 सीजन तक चली. डकटेल्स दुनिया के सबसे हिट कार्टून शोज में शामिल है.

ये भी पढ़ें- दूरदर्शन की रामायण के लक्ष्मण कर रहे खेतीबाड़ी, 65 की उम्र खेतों में उगा रहे पपीते, केले और काजू

‘जिंदगी है एक तूफान...' बना पहचान

भारत में इस शो की पॉपुलैरिटी का एक बड़ा कारण इसका हिंदी टाइटल ट्रैक भी था. "जिंदगी है एक तूफान..." से शुरू होने वाला गाना आज भी 90 के दशक के बच्चों की यादों का हिस्सा है. इस गाने को मशहूर गायक और डबिंग कलाकार चेतन शशितल ने अपनी आवाज दी थी. यह गाना इतना लोकप्रिय हुआ कि कई लोगों को आज भी इसके बोल याद हैं.

जावेद जाफरी की बेहतरीन डबिंग ने लगाए चार चांद 

मशहूर एक्टर और वॉइस आर्टिस्ट जावेद जाफरी समेत कई कलाकारों ने अपने शानदार वॉइस-ओवर से करैक्टर्स में नई जान डाल दी थी. उनकी आवाज और डायलॉग्स ने भारतीय दर्शकों को शो से इमोशनली जोड़ने का काम किया था. 

बच्चों के लिए खास था प्रसारण समय

‘डक टेल्स' को उस समय आमतौर पर शाम 5 बजे प्रसारित किया जाता था. इसके अलावा रविवार सुबह आने वाले लोकप्रिय ‘डिज्नी ऑवर' का भी यह अहम हिस्सा था. स्कूल से लौटने के बाद या रविवार की सुबह बच्चे टीवी के सामने बैठकर इस शो का इंतजार करते थे. यही वजह थी कि यह केवल एक कार्टून नहीं, बल्कि लाखों बच्चों डेली रूटीन का हिस्सा बन गया था.

आज भी ताजा हैं यादें

भले ही समय के साथ मनोरंजन के साधन बदल गए हों, लेकिन ‘डकटेल्स' आज भी 90 के दशक के बच्चों के लिए यादों का खजाना बना हुआ है. रोमांचक कहानियां, यादगार किरदार और फेमस टाइटल ट्रैक इसे भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे पसंदीदा कार्टून शोज में शामिल करते हैं.

ये भी पढ़ें- कभी किराए के सेट पर किया काम, अब खरीदा अपना शानदार स्टूडियो, भारती सिंह हुईं इमोशनल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
DuckTales, Cartoon Shows, Doordarshan, Jaaved Jaaferi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com