नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई हिंदी साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म 'एक्यूज्ड' ने वैश्विक स्तर पर धूम मचा दी है. अनुभूति कश्यप निर्देशित यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी और रिलीज के कुछ ही दिनों में इसने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. फिल्म नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की लिस्ट में नंबर 2 पर पहुंच गई है, साथ ही यह 72 देशों में ट्रेंडिंग में है. यह किसी भारतीय फिल्म के लिए अब तक का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय ट्रेंडिंग रिकॉर्ड है. इस तरह लोकप्रियता के मामले में तो यह धुरंधर को भी टक्कर देती नजर आ रही है.
एक्यूज्ड ने लॉन्च वीक में ही कई देशों जैसे भारत, बहरीन, बांग्लादेश, इजराइल, केन्या, मॉरीशस, ओमान, पोलैंड, साउथ अफ्रीका, यूएई और वेनेजुएला में नंबर 1 पोजिशन हासिल की. यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि पहले ज्यादातर भारतीय कंटेंट दक्षिण एशिया या डायस्पोरा में ही सीमित रहता था, लेकिन 'एक्सक्यूज्ड' ने सीमाओं को तोड़ते हुए एशिया, अफ्रीका, लैटिन अमेरिका और यूरोप तक अपनी पहुंच बनाई है.
फिल्म धर्माटिक एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस की गई है, जिसमें करण जौहर, अपूर्वा मेहता, सोमेन मिश्रा और आदर पूनावाला मुख्य प्रोड्यूसर हैं. इसमें मुख्य भूमिकाओं में कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा लीड रोल में हैं. कहानी ट्रस्ट, पर्सेप्शन और रिलेशनशिप्स के नाजुक डायनामिक्स पर आधारित है. एक क्वीयर गायनेकोलॉजिस्ट पर सेक्सुअल मिसकंडक्ट के आरोप लगते हैं, जिससे उनकी शादी और रेपुटेशन पर संकट मंडराता है. फिल्म #MeToo जैसे मुद्दों को नए नजरिए से पेश करती है, जहां आरोपी एक महिला है और आरोपों की सच्चाई पर सवाल उठते हैं.
कोंकणा सेन शर्मा ने कहा, 'यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि 'एक्यूज्ड' दुनिया भर में दर्शकों तक पहुंच रही है. जटिल भावनाओं और असहज सच्चाइयों वाली कहानियां आसान जवाब नहीं देतीं, लेकिन दर्शकों का इतना गहरा जुड़ाव देखना दिल को छूता है. नेटफ्लिक्स को धन्यवाद कि उन्होंने इस कहानी को ग्लोबल प्लेटफॉर्म दिया.' प्रतिभा रांटा ने कहा, '72 देशों से मिला प्यार अभिभूत कर देने वाला है. ट्रस्ट, पर्सेप्शन और रिलेशनशिप्स पर बात करने वाली कहानी का हिस्सा बनना खास रहा.' एक्यूज्ड की निर्देशक अनुभूति कश्यप ने शेयर किया, 'फिल्ममेकर के तौर पर हम चाहते हैं कि हमारी कहानियां बॉर्डर पार करें और लोगों से जुड़ें. 'एक्यूज्ड' का ग्लोबल रेस्पॉन्स और टॉप 10 में जगह मिलना बहुत प्रोत्साहन देने वाला है. नेटफ्लिक्स को धन्यवाद जो इस फिल्म को सपोर्ट कर रहे हैं.'
नेटफ्लिक्स इंडिया की ओरिजिनल 'एक्यूज्ड' डायरेक्टर रुचिका कपूर शेख ने कहा, 'लॉन्च वीक में 72 देशों के टॉप 10 में जगह और ग्लोबल नॉन-इंग्लिश में नंबर 2, यह फिल्म की वैश्विक अपील का सबूत है. अनुभूति का क्लियर विजन, कोंकणा और प्रतिभा की परफॉर्मेंस ने दर्शकों के नजरिए को चुनौती दी है. नेटफ्लिक्स ऐसी डिस्टिंक्टिव स्टोरीज को प्रमोट करने के लिए कमिटेड है जो बातचीत को आगे बढ़ाती हैं.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं