जयपुर-दौसा हाईवे स्थित नेकावाला टोल प्लाजा पर जमवारामगढ़ विधायक महेंद्रपाल मीणा और टोल कर्मचारियों के बीच पहचान पत्र मांगने को लेकर विवाद हो गया. विवाद की सूचना मिलते ही रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टोल प्लाजा पर दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है.
विधायक से आईकार्ड मांगा
विधायक महेंद्रपाल मीणा अपनी कार से नेकावाला टोल प्लाजा से गुजर रहे थे. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात टोलकर्मी ने टोल शुल्क में छूट देने के लिए विधायक से आईकार्ड दिखाने के लिए कहा. इस बात पर विधायक जी भड़क गए और, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया. घटना की सूचना मिलने पर रायसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया.
विधायक ने पुलिस से शिकायत की
विधायक की शिकायत पर पुलिस टोल मैनेजर और संबंधित कर्मचारी को पूछताछ के लिए थाने ले गई. पूछताछ के बाद टोल मैनेजर को समझाइश देकर पाबंद किया गया, जबकि एक टोलकर्मी के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया.
"पहचान का सत्यापन करना जरूरी"
टोल प्रबंधन का कहना है कि एनएचएआई के नियमों के अनुसार, टोल शुल्क में छूट का लाभ लेने वाले जनप्रतिनिधियों और अन्य पात्र व्यक्तियों से आवश्यकता पड़ने पर पहचान पत्र मांगना पूरी तरह नियमों के अनुरूप है. प्रबंधन का कहना है कि कई बार फर्जी तरीके से टोल छूट लेने के प्रयास सामने आते हैं, इसलिए पहचान का सत्यापन करना जरूरी होता है.
पुलिस ने किया पाबंद
रायसर थाना पुलिस का कहना है कि विधायक की शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है. फिलहाल मामले में शांति बनाए रखने के लिए संबंधित पक्षों को पाबंद किया गया है. घटना का CCTV फुटेज भी जांच का हिस्सा बनाया गया है. एनडीटीवी ने विधायक का पक्ष जानने के लिए फोन किया, लेकिन उन्होंंने फाेन नहीं उठाया.
यह भी पढ़ें: बालोतरा में देर रात भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डंपर से टकराई, 5 युवकों की मौत, 3 गंभीर घायल