NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी शुभम खैरनार के चैट से गंभीर खुलासे हुए हैं. सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक का सौदा 29 अप्रैल को ही तय हो गया था, जबकि नीट की परीक्षा 3 मई को थी यानी पेपर से चार दिन पहले बातचीत हो गई थी. आरोपी ने प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का झांसा देकर नीट पेपर लीक का जाल रचा था.
दरअसल, मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे ही आरोपी शुभम खैरनार और अन्य आरोपियों के बीच हुए डिजिटल संवाद से जानकारियां धीरे-धीरे सामने आ रही हैं. जांच एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार, पेपर लीक करने से पहले नासिक से गिरफ्तार आरोपी शुभम खैरनार ने अन्य आरोपियों और एजेंट्स को पूरा भरोसा दिलाया था.
500-600 अंक दिलाने की गारंटी
शुभम ने मैसेज में दावा किया था कि वह उम्मीदवारों को 500 से 600 अंक दिलाने की पक्की गारंटी देता है. उसने यह विश्वास भी दिलाया था कि इसके जरिए छात्रों को प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में आसानी से प्रवेश मिल जाएगा. जांच में सामने आया है कि पेपर लीक करने का सौदा 29 अप्रैल को ही तय हो गया था.
शुभम के मोबाइल से मिले चैट्स और डिजिटल सबूतों से पता चला है कि वह लीक हुए प्रश्नपत्रों को साझा करने के लिए लगातार गिरोह के संपर्क में था.
सीबीआई कर रही जांच
बता दें कि NEET-UG 2026 के पेपर लीक मामले में CBI की जांच जारी है. इस मामले में अभी तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पेपर लीक मामले में CBI ने 12 मई को केस दर्ज किया था.
अब 21 जून को होगी परीक्षा
NEET (UG) 2026 के री -एग्जाम की तारीख का ऐलान 15 मई को हो गया. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) 21 जून को पूरे भारत में ये एग्जाम फिर से आयोजित करने जा रही है, जिसमें 22 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे. एनटीए ने एक पोस्ट कर एग्जाम की तारीख का ऐलान करते हुए लिखा, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने, भारत सरकार की मंजूरी से, NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा रविवार, 21 जून 2026 को तय की है.
बता दें कि 3 मई को NEET-UG का एग्जाम हुआ था. परीक्षा के बाद पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद 12 मई को पेपर कैंसिल कर दिया गया था.
अब तक कौन-कौन गिरफ्तार?
- शुभम खैरनार (नासिक से)
- मांगीलाल बिवाल (जयपुर से)
- विकास बिवाल (जयपुर से)
- दिनेश बिवाल (जयपुर से)
- यश यादव (गुरुग्राम से)
- धनंजय लोखंडा (अहिल्यानगर से)
- मनीषा वाघमारे (पुणे से)
ये भी पढ़ें- कैसे 10 लाख में बिका था NEET-UG का पेपर? CBI के रिमांड नोट से कई बड़े खुलासे














