Nashik TCS Controversy: नासिक के चर्चित TCS मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ‑साथ अब चौंकाने वाले नए तथ्य सामने आ रहे हैं. मुख्य आरोपी निदा खान अब तक फरार है, लेकिन उसकी गतिविधियों को लेकर पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं. नासिक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच में पता चला है कि निदा पिछले दो महीनों से ठाणे के मुंब्रा इलाके में रह रही थी. इसी सिलसिले में जब पुलिस ने उसके पति से पूछताछ की, तो उसने दावा किया कि निदा कुछ दिन पहले किसी दूसरी महिला के साथ घर से चली गई थी.
14 अप्रैल को अचानक घर से गायब हुई निदा
SIT सूत्रों के मुताबिक, निदा खान 14 अप्रैल को ही मुंब्रा स्थित अपने पति के घर से निकल गई थी. पूछताछ में पति ने बताया कि एक महिला उसे लेने आई थी और उसे अपने साथ ले गई. पति का कहना है कि उसे खुद नहीं पता कि वह महिला किसे थी और निदा को कहां लेकर गई, लेकिन वह महिला परिवार की कोई परिचित बताई जा रही है.
मुंब्रा पहुंची नासिक SIT, सर्च ऑपरेशन
मुख्य आरोपी की तलाश में नासिक पुलिस की SIT टीम ठाणे के मुंब्रा इलाके में पहुंची. टीम मुंब्रा पुलिस स्टेशन भी गई और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर इलाके में जांच की गई. पुलिस को शक था कि निदा यहीं कहीं छिपी हो सकती है, लेकिन फिलहाल उसका कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.
रिश्तेदार को साथ लेकर की गई जांच
सूत्रों के अनुसार, SIT की टीम निदा खान के एक रिश्तेदार को भी साथ लेकर मुंब्रा पहुंची थी, ताकि उसकी संभावित लोकेशन या संपर्कों के बारे में जानकारी मिल सके. टीम करीब एक घंटे से ज्यादा समय तक मुंब्रा पुलिस स्टेशन और आसपास के इलाकों में मौजूद रही और कई लोगों से पूछताछ की गई.
AGM पद पर थी निदा खान
जांच में सामने आया है कि निदा खान संबंधित कंपनी में असिस्टेंट जनरल मैनेजर (AGM) के पद पर कार्यरत थी. पुलिस का दावा है कि उसने अपने पद का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया और कई मामलों को दबाने की कोशिश की. आरोप है कि इस केस से जुड़े कुछ अन्य आरोपी भी निदा के इशारों पर काम कर रहे थे.
भिवंडी से नासिक और फिर मुंब्रा तक का सफर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निदा खान मूल रूप से ठाणे के भिवंडी इलाके की रहने वाली है. कुछ साल पहले वह मुंब्रा में रहने लगी थी. इसके बाद वह कुछ समय के लिए नासिक में भी रही और हाल के दो महीनों से वापस मुंब्रा में अपने पति के साथ रह रही थी.
TCS केस में क्या है निदा खान पर आरोप
इस पूरे मामले की शुरुआत 26 मार्च को हुई थी, जब नासिक के देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जुलाई 2022 से उसे शादी का झूठा वादा कर धोखे में रखा गया. इस केस में निदा खान को तीसरे आरोपी के तौर पर नामजद किया गया है.
मिलीभगत और सच्चाई छिपाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, निदा खान मुख्य आरोपी दानिश शेख की बहन है और उस पर मामले में मिलीभगत का आरोप है. शिकायतकर्ता का दावा है कि निदा और अन्य आरोपियों ने मिलकर उससे जुड़े अहम तथ्य छुपाए और शादी से संबंधित सच्चाई सामने नहीं आने दी. जब पीड़िता ने परिवार से बात करनी चाही, तो उसे टालमटोल वाले जवाब दिए गए.
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस केस में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इसमें सेक्शन 69, 75, 299 और 3(5) शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि जांच सभी पहलुओं से की जा रही है.
अब तक किन‑किन की हुई गिरफ्तारी
पुलिस अब तक दानिश शेख, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, शफी शेख, आसिफ आफताब अंसारी और एक महिला प्रबंधक (ऑपरेशंस) को गिरफ्तार कर चुकी है. मामले के सामने आने के बाद इन सभी कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आने वाले दिनों में और गिरफ्तारी हो सकती हैं.
ठाणे से रिज़वान शेख की रिपोर्ट...
ये भी पढ़ें...
टीसीएस धर्मांतरण केस: सदमे में निदा खान के माता-पिता, बोले- "बेटी प्रेग्नेंट, उसे फंसाया जा रहा"
कहां छिपी है नासिक TCS कर्मचारी निदा खान? मिल गई लोकेशन; ऑफिस में बुर्का पहनना सिखाती थी














