लाश ने बयां की कत्ल की दास्तान! निकाह के 4 माह बाद नवविवाहिता का गला घोंटा

अमरावती की रहने वाली फैजला जबीन की शादी के महज चार महीने बाद नागपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. ससुराल वालों ने इसे दिल का दौरा बताया था, लेकिन मायके पक्ष के संदेह पर पुलिस ने शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया. शुरुआती रिपोर्ट में गला घोंटने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने पति, ससुर और जेठ पर मामला दर्ज कर पति सहित दो को हिरासत में ले लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज चार महीने के भीतर एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका की पहचान अमरावती की रहने वाली फैजला जबीन के रूप में हुई है. पोस्टमार्टम की शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में जो खुलासा हुआ है, उसने हर किसी को चौंका दिया है. डॉक्टरों के मुताबिक, फैजला की मौत प्राकृतिक नहीं थी, बल्कि उसका गला दबाया गया था और दम घुटने के कारण उसकी जान गई थी. इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद नागपुर की तहसील पुलिस ने मृतका के पति, जेठ और ससुर के खिलाफ हत्या और उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है.

शादी के चार महीने बाद ही उजड़ गया संसार

जानकारी के अनुसार, फैजला जबीन का निकाह इसी साल 25 जनवरी को नागपुर के मोमिनपुरा इलाके के रहने वाले मोहम्मद जुबेर के साथ हुआ था. दोनों की गृहस्थी अभी ठीक से शुरू भी नहीं हुई थी कि अचानक ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर सूचना दी कि फैजला की दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से मौत हो गई है. इस दुखद खबर को सुनकर मायके वाले बदहवास हो गए और आनन-फानन में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करते हुए फैजला के शव को अमरावती के एक कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक (दफन) कर दिया गया.

गले के निशानों ने खोला राज, मां को किया था आखिरी फोन

ससुराल वालों की 'हार्ट अटैक' वाली कहानी पर मायके वालों को तब शक हुआ जब उन्होंने फैजला के गले पर रस्सी या किसी चीज से घोंटे जाने के गहरे निशान देखे. इसके साथ ही मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि मौत वाले दिन ही फैजला ने उन्हें आखिरी फोन कॉल किया था. उस फोन पर फैजला फूट-फूटकर रो रही थी और उसने बताया था कि ससुराल में उसका भारी शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है.

कब्र से निकाला गया शव, पति हिरासत में

मायके वालों की लिखित शिकायत और हत्या के पुख्ता शक के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया. मजिस्ट्रेट की अनुमति और कानूनी प्रक्रियाओं के तहत फैजला के शव को दोबारा कब्रिस्तान से बाहर निकाला गया और डॉक्टरों के पैनल के पास पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. शुरुआती रिपोर्ट में गला दबाने की पुष्टि होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई.

Advertisement

तहसील पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक संजय मेंढे ने बताया कि इस मामले में मृतका के पति मोहम्मद जुबेर और उसके एक अन्य रिश्तेदार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने साफ किया है कि मौत की अंतिम और सटीक वजह का पूरी तरह खुलासा फाइनल मेडिकल और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है. 

रिपोर्ट-प्रवीण मुधोलकर, नागपुर

 
ट्विशा शर्मा केस: दोबारा नहीं होगा पोस्टमार्टम, पत‍ि पर अब 30 हजार का इनाम, 8 द‍िन से रखे शव का क्‍या होगा?

Featured Video Of The Day
Siya Goyal- Ketan Agarwal Case: जन्मदिन के बहाने मंगेतर के कत्ल की थर्रा देने वाली घटना
Topics mentioned in this article
Maharashtra
Nagpur
Crime News