महाराष्ट्र के नागपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने नागपुर के कपिल नगर में करीब 7.5 किलोग्राम मेफेड्रोन एमडी ड्रग्स जब्त किया है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है. साथ ही पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी से पूछताछ में अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट का खुलासा हुआ है और इसका उत्तर प्रदेश से कनेक्शन जुड़ा हुआ है. यह कार्रवाई जरीपटका पुलिस ने की है.
करोड़ों रुपये की एमडी ड्रग्स जब्त
जरीपटका पुलिस की डीबी स्क्वाड ने 7.5 किलोग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स पाउडर जब्त किया है. जानकारी के मुताबिक, बरामद नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 6 करोड़ रुपये से अधिक की आंकी गई है. इसे नागपुर में लंबे समय बाद ड्रग्स के खिलाफ हुई सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.
UP से जुड़ा ड्रग्स रैकेट का कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान पांचपावली के टेका नई बस्ती निवासी मजहर शेख (32) के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है और इसका कनेक्शन उत्तर प्रदेश से जुड़ा हुआ है. पुलिस को संदेह है कि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स गिरोह का मुख्य सरगना मुंबई से अपना पूरा नेटवर्क चला रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और पकड़े गए आरोपी के जरिए पुलिस अब मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. बता दें कि मुख्य सूत्रधार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें मुंबई और उत्तर प्रदेश के लिए रवाना कर दी गई हैं.
ये भी पढ़ें: बदायूं के बड़े सरकार दरगाह परिसर में मां-बेटे को लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल; पुलिस जांच में जुटी
ये भी पढ़ें: लखनऊ: जमीन विवाद में कराई थी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, 5 लाख रुपये की दी थी सुपारी, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: आज से शुरू होगा 'खेत बचाओ अभियान', गांव-गांव पहुंचेंगे वैज्ञानिक, शिवराज चौहान भी किसानों से करेंगे सीधा संवाद











