महाराष्ट्र सरकार ने मराठा समाज के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने मराठा समाज के विद्यार्थियों को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्रों की तरह ही शैक्षणिक रियायतें और सुविधाएं देने का निर्णय लिया है. सरकार के इस फैसले के तहत मराठा समाज को OBC वर्ग की तर्ज पर 8 प्रमुख योजनाओं और शैक्षणिक लाभों का फायदा मिलेगा.
इन योजनाओं का मिलेगा लाभ
- मैट्रिक के बाद की छात्रवृत्ति
- माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर की छात्रवृत्ति
- मोटर वाहन चालक एवं परिचालक प्रशिक्षण योजना
- विभिन्न शैक्षणिक मदों में शुल्क प्रतिपूर्ति
- व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आर्थिक सहायता
संस्थान स्तर पर प्रवेश लेने वालों को भी राहत
फैसले के अनुसार OBC विद्यार्थियों के लिए पात्र सभी पाठ्यक्रमों में अब मराठा समाज के विद्यार्थी भी शैक्षणिक सुविधाओं और रियायतों के हकदार होंगे. केंद्रीयकृत प्रवेश प्रक्रिया (CAP) के बाद संस्थान स्तर पर प्रवेश लेने वाले मराठा विद्यार्थियों को भी OBC छात्रों की तरह ही लाभ मिलेगा.
भविष्य की योजनाएं भी स्वतः होंगी लागू
इतना ही नहीं, OBC वर्ग को वर्तमान में मिलने वाली तथा भविष्य में लागू होने वाली सभी शैक्षणिक सुविधाएं और रियायतें अगले आदेश तक स्वतः ही मराठा समाज पर भी लागू होंगी. सरकार के इस फैसले को मराठा समाज के विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत और शैक्षणिक अवसरों के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है.
यह भी पढ़ें- 'वह कौन थी' का पता लगाने के लिए अब ली जाएगी AI की मदद, नागपुर पुलिस की अनोखी पहल