Crime News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने दूसरी महिला के घर में जबरन घुसकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी. 22 अप्रैल को बजाजनगर इलाके में हुई इस घटना का लाइव वीडियो अब सामने आया है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. कैमरे में कैद हुई इस हत्या के बाद इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था. शुरुआती जांच में मामला व्यक्तिगत विवाद और कथित अनैतिक संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है. छत्रपति संभाजीनगर जिले से NDTV के लिए मोहसिन शेख की रिपोर्ट.
बजाजनगर में हुई वारदात, कैमरे में कैद हुआ मर्डर
यह सनसनीखेज घटना छत्रपति संभाजीनगर के बजाजनगर इलाके की है. सामने आए वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी महिला अचानक पीड़िता के घर में दाखिल होती है और उस पर जानलेवा हमला कर देती है. यह पूरी वारदात कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. ये खौफनाक वीडियो हम आपको दिखा नहीं सकते. इसे ऐसे समझ सकते हैं.
LIVE Murder Video Viral: छत्रपति संभाजीनगर मर्डर केस का वीडियो आया सामने
मृतका और आरोपी की पहचान
पुलिस के अनुसार, हत्या का शिकार हुई महिला की पहचान 40 वर्षीय साधना महेंद्र सोनपटकर के रूप में हुई है. वहीं, आरोपी महिला शैला (शीला) सोनार की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है. आरोपी महिला साधना के घर में चाकू, पिस्तौल, स्प्रे और ताला जैसी सामग्री लेकर दाखिल हुई थी, जिससे साफ होता है कि वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी.
बेरहमी से किए कई वार, मौके पर ही मौत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला के घर में घुसते ही साधना को संभलने या शोर मचाने का मौका तक नहीं मिला. आरोपी ने धारदार चाकू से साधना के पेट, छाती और गले पर लगातार कई वार किए. अत्यधिक खून बहने के कारण साधना की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को पकड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घर का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस को दरवाजा तोड़ना पड़ा. इसके बाद आरोपी महिला शैला सोनार को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया गया. हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिए हैं.
व्यक्तिगत विवाद और संबंधों की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और मृतका के पति के बीच कथित रूप से संबंध थे. इसके अलावा, पैसों के लेन-देन को लेकर भी विवाद की जानकारी मिली है. पुलिस इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है.
आरोपी को पुलिस कस्टडी में भेजा गया
आरोपी महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि सबूतों के आधार पर मामले की तफ्तीश की जा रही है.
यह भी पढ़ें : ‘शिवाजी कोण होता?' किताब विवाद: शिंदे गुट के MLA संजय गायकवाड़ पर FIR, प्रकाशक को जान से मारने की धमकी का आरोप
यह भी पढ़ें : नासिक SIT जांच में ड्रामा; अशोक खरात की तबीयत बिगड़ी, ED ने रसूखदार भक्तों की लिस्ट बनाई
यह भी पढ़ें : अलीराजपुर जिला पंचायत CEO ने भाजपा नेता पर दर्ज कराई FIR; सरकारी दफ्तर में धमकी का मामला, लगे गंभीर आरोप
यह भी पढ़ें : MP में गेहूं खरीदी की सीमा बढ़ी: CM मोहन बोले- केंद्र का किसान हितैषी बड़ा फैसला, अब 100 लाख मीट्रिक उपार्जन













