गोरेगांव के बाद वर्ली के म्यूजिक कॉन्सर्ट में नशे से मौत, अब तक जांच में क्या खुलासा हुआ?

मुंबई में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान एक युवक की तबीयत खराब होने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि यह नशे की हालत में था और काफी मात्रा में शराब का सेवन किया था. इस घटना के बाद मुंबई में एक बार फिर से म्यूजिक कॉन्सर्ट में मौतों को लेकर मामला चर्चा में आ गया है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
मुंबई में म्यूजिक कॉन्सर्ट बन रहे जानलेवा (सांकेतिक तस्वीर).

मुंबई में होने वाले लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट्स (Music Concerts) अब युवाओं के लिए मनोरंजन की जगह जान का जोखिम बनते जा रहे हैं. गोरेगांव के नेस्को (NESCO) में हुई दर्दनाक घटना के कुछ ही दिनों बाद, अब दक्षिण मुंबई के वर्ली इलाके में स्थित प्रसिद्ध NSCI डोम कॉन्सर्ट से एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. भारी भीड़ के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में अचानक एक 28 वर्षीय युवक की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया. लगातार आ रहे इन मामलों ने मुंबई की नाइटलाइफ, सुरक्षा व्यवस्था और कॉन्सर्ट्स में बढ़ते नशे के चलन पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

शराब के नशे में था युवक और महिला मित्र

ताजा मामला ताड़देव थाना क्षेत्र के वर्ली के NSCI डोम का है, जहां शनिवार को माहीम के रहने वाले 28 वर्ष का वृषभ महेंद्र गांगुर्डे की मौत हो गई. सूत्रों के अनुसार, युवक नशे की हालत में था. उसके साथ महिला मित्र भी थी और उसने भी कथित तौर पर शराब का सेवन किया था. रात करीब 9 बजे जब दोनों की तबीयत खराब हुई तो दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है. पुलिस जांच में अब तक किसी भी तरह के ड्रग्स सेवन के सबूत नहीं मिले हैं.

हार्ट अटैक की आशंका

अधिकारियों ने फिलहाल ड्रग एंगल को खारिज कर दिया है. शुरुआती स्तर पर हार्ट अटैक की आशंका भी जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. युवक की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, जिसके लिए पोस्टमॉर्टम और अन्य फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, युवक की तबीयत कैसे बिगड़ी और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच जारी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ थी, जिसके बीच दोनों को घुटन महसूस होने की बात सामने आई है.

पुलिस ने नहीं दी थी अनुमति

सूत्रों के मुताबिक, ताड़देव पुलिस ने वर्ली में आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट को अनुमति देने से इनकार किया था. गोरेगांव नेस्को म्यूजिक कॉन्सर्ट में हुई घटना के मद्देनजर पुलिस ने अनुमति पर आपत्ति जताई थी,  लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर वरिष्ठ स्तर से इस भारी भीड़ वाले कार्यक्रम को हरी झंडी दे दी गई. अब पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि आपत्तियों के बाद भी मंजूरी कैसे मिली.

Advertisement

नेस्को की त्रासदी

वर्ली की यह घटना इसलिए अधिक डरावनी है क्योंकि कुछ ही दिन पहले गोरेगांव के नेस्को एग्जिबिशन सेंटर में हुए एक बड़े कॉन्सर्ट में दो MBA छात्रों की जान चली गई थी. वहां करीब 4,000 लोगों की भीड़ के बीच साउथ मुंबई के एक नामी कॉलेज के छात्रों ने कथित तौर पर पार्टी ड्रग 'एक्स्टसी' (MDMA) और शराब का जानलेवा कॉम्बिनेशन लिया था. डांस और अत्यधिक शारीरिक थकावट के बीच ड्रग ओवरडोज के कारण एक 28 वर्षीय युवक और एक 24 वर्षीय युवती की तड़प-तड़प कर मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य को आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा था.

बड़ी कार्रवाई

गोरेगांव नेस्को मामले में पुलिस ने बेहद सख्त रुख अपनाते हुए छह विशेष जांच टीमें (SIT) बनाई थीं. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि सुरक्षा व्यवस्था में भारी चूक थी, जिसके चलते आयोजन स्थल के अंदर धड़ल्ले से ड्रग्स की सप्लाई हुई. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इवेंट मैनेजमेंट कंपनी 'इंस्पायरिंग टाई' के मालिक आकाश सामल और नेस्को लिमिटेड के लाइव इवेंट्स के वाइस प्रेसिडेंट बालकृष्ण कुरुप और मैनेजर सनी जैन सहित अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हांगकांग से जुड़ा मुख्य ड्रग सप्लायर महेश खेमलानी भी शामिल है. फिलहाल कुछ आरोपी जेल में हैं तो कुछ को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है.

Advertisement

गंभीर चिंताएं

मुंबई में एक के बाद एक हुए इन दोनों हादसों ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या महानगर के म्यूजिक कॉन्सर्ट्स अब ड्रग्स, शराब और अनियंत्रित भीड़ के कॉकटेल बन चुके हैं? जहां एक तरफ नेस्को मामले ने साफ कर दिया कि सिंथेटिक ड्रग्स (MDMA) किस तरह चंद घंटों में युवाओं के अंगों को फेल कर सकती है, वहीं वर्ली मामले ने अत्यधिक शराब और बेकाबू भीड़ से होने वाली घुटन के खतरों को उजागर किया है. एंटरटेनमेंट के नाम पर सुरक्षा नियमों और पुलिस की चेतावनियों को ताक पर रखना सीधे तौर पर युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ साबित हो रहा है.

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र को 'बेटा' चाहिए ? राज्य में 1000 लड़कों पर सिर्फ 888 बेटियां जबकि नेशनल एवरेज है 914

Featured Video Of The Day
Delhi होटल अग्निकांड, कौन-कौन ज़िम्मेदार? इंडक्शन की चिंगारी ने ली 21 की जान?
Topics mentioned in this article