Taj Express Stone Pelting: ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब प्लेटफॉर्म पर खड़ी ताज एक्सप्रेस पर अचानक एक व्यक्ति ने पथराव शुरू कर दिया. इस घटना से ट्रेन के अंदर बैठे यात्रियों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई. पथराव के दौरान एक कोच की खिड़की का शीशा टूट गया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. यात्री अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. हालांकि, यात्रियों की सतर्कता और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को तुरंत पकड़ लिया गया. घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन पर अचानक पथराव
घटना ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर हुई, जहां हजरत निजामुद्दीन से आई ताज एक्सप्रेस खड़ी थी. यात्री ट्रेन से उतर-चढ़ रहे थे, तभी अचानक एक युवक ने ट्रेन की बोगियों को निशाना बनाकर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया. अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Taj Express Stone Pelting: ताज एक्सप्रेस में पत्थरबाजी
कोच का शीशा टूटा, यात्री दहशत में
पथराव के दौरान आरोपी ने डी-1 कोच को निशाना बनाया. पत्थर लगने से कोच की आपातकालीन खिड़की का शीशा टूट गया. घटना होते ही ट्रेन के अंदर बैठे यात्री सहम गए और खुद को बचाने के लिए सीटों से हटकर सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे. वहीं बाहर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
भीख मांगने से विवाद, फिर हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी पहले प्लेटफॉर्म पर यात्रियों से भीख मांग रहा था. जब कुछ यात्रियों ने उसे पैसे देने से मना कर दिया, तो वह नाराज हो गया. ग्वालियर निवासी यात्री पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि युवक ट्रेन से उतरने के बाद प्लेटफॉर्म की गिट्टी उठाकर वापस आया और गुस्से में कोच पर पत्थर फेंक दिया, जिससे शीशा टूट गया.
यात्रियों ने दिखाई बहादुरी, मौके पर पकड़ा आरोपी
पथराव के बाद मौके पर मौजूद यात्रियों ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया. इसी दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी वहां पहुंच गए. यात्रियों ने आरोपी को आरपीएफ के हवाले कर दिया, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.
आरोपी की पहचान, पुलिस कर रही पूछताछ
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवेंद्र सिकरवार उर्फ सोनू, निवासी गुना बताया है. आरपीएफ और स्थानीय पुलिस उससे घटना के कारणों और उसकी मानसिक स्थिति को लेकर पूछताछ कर रही है. प्राथमिक तौर पर यह घटना व्यक्तिगत गुस्से में की गई हरकत प्रतीत हो रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
रेल सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. भीड़भाड़ वाले प्लेटफॉर्म पर इस तरह की घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है. यात्री संगठनों ने मांग की है कि रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
यह भी पढ़ें : लखनऊ यूनिवर्सिटी पेपर लीक विवाद; छात्रा से अश्लील बातचीत के आरोप में प्रोफेसर हिरासत में, ऑडियो Viral
यह भी पढ़ें : चीन की रिंग में MP की बेटी लगाएगी पंच; बॉक्सिंग विश्व कप के लिए मुक्केबाज माही लामा का चयन
यह भी पढ़ें : 'हिंदू-मुस्लिम मुद्दे को उभारना ठीक नहीं', भोजशाला केस में HC के फैसले पर दिग्विजय सिंह ने पकड़ी अलग लाइन
यह भी पढ़ें : PM Awas Yojana: 10 लाख से ज्यादा घर स्वीकृत, 9 लाख से अधिक पूरे; आवास योजना में मध्यप्रदेश देशभर में आगे














