- मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई जिलों में शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है.
- मौसम विभाग ने दतिया, ग्वालियर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया.
- प्रदेश के 32 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है और जुलाई में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में देखने को मिल रहा है. शुक्रवार, 10 जुलाई को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी से अति भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट जारी किया है, वहीं कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का भी खतरा जताया है. अच्छी बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई जगह जलभराव और परेशानियां भी बढ़ी हैं.
प्रदेश में कोटे की 25 फीसदी बारिश पूरी
लगातार हो रही बारिश के चलते मध्य प्रदेश में अब तक औसत कोटे की करीब 25 प्रतिशत यानी 9.4 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है. भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित 32 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि जुलाई के पूरे महीने में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे वर्षा का आंकड़ा और बढ़ने की संभावना है.
अगले चार दिन तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले चार दिन तक कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने का अनुमान जताया है. पन्ना और सतना जिलों में भारी बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान चार इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई है. लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका भी बनी है.
चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट
भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने दतिया, ग्वालियर, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में अति तीव्र वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक यहां 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
इन जिलों में येलो अलर्ट
प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें भोपाल, इंदौर, धार, विदिशा, जबलपुर, उज्जैन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, झाबुआ, गुना, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, खरगोन, बड़वानी, नीमच, अलीराजपुर, रतलाम, देवास, अशोकनगर, शाजापुर, सिवनी, आगर-मालवा, मंदसौर, मऊगंज, नरसिंहपुर, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, छिंदवाड़ा, अनूपपुर, रायसेन, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, रीवा, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, कटनी, मैहर और पांढुर्णा शामिल हैं. इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है.
मौसम विभाग की जरूरी सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है. गरज-चमक के दौरान घर के अंदर रहना सबसे सुरक्षित माना है. यदि किसी कारण बाहर जाना पड़े तो पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें.
बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल देने की सलाह दी गई है. किसानों और मजदूरों से भी खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में काम न करने को कहा गया है. वहीं वाहन चालकों को कम गति से वाहन चलाने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.